1. हिन्दी समाचार
  2. ख़बरें जरा हटके
  3. थाईलैंड घूमने जा रहे हैं? पैकिंग से लेकर वीजा और लोकल नियमों तक, ये जरूरी टिप्स जरूर जान लें

थाईलैंड घूमने जा रहे हैं? पैकिंग से लेकर वीजा और लोकल नियमों तक, ये जरूरी टिप्स जरूर जान लें

यदि आप इस साल थाईलैंड घूमने की योजना बना रहे हैं, तो सिर्फ फ्लाइट और होटल बुक करना ही काफी नहीं है। यात्रा से पहले वहां के एंट्री नियम, जरूरी दस्तावेज, कपड़े, मौसम और स्थानीय नियमों की जानकारी होना भी ​बहुत आवश्यक है। 2026 में विशेषकर भारतीय यात्रियों के लिए थाईलैंड के एंट्री नियमों में बदलाव हुआ है।

By Sushil Sah 
Updated Date

नई दिल्ली। यदि आप इस साल थाईलैंड घूमने की योजना बना रहे हैं, तो सिर्फ फ्लाइट और होटल बुक करना ही काफी नहीं है। यात्रा से पहले वहां के एंट्री नियम, जरूरी दस्तावेज, कपड़े, मौसम और स्थानीय नियमों की जानकारी होना भी ​बहुत आवश्यक है। 2026 में विशेषकर भारतीय यात्रियों के लिए थाईलैंड के एंट्री नियमों में बदलाव हुआ है।

पढ़ें :- थाईलैंड के कैफे में बेहोश हुए चार भारतीय पर्यटक, एक की मौत, जांच में जुटी थाई एजेंसियां

भारतीयों के लिए वीजा नियम बदले

15 सितंबर 2026 से भारतीय साधारण पासपोर्ट धारकों के लिए थाईलैंड ने 30 दिन तक की वीजा-फ्री एंट्री लागू की है। यानी टूरिज्म के लिए 30 दिन तक की यात्रा करने वाले भारतीय यात्रियों को पहले से वीजा लेने की जरूरत नहीं है। वहीं, 30 दिन से ज्यादा रुकने के लिए उचित वीजा की जरूरत होगी।

TDAC भरना न भूलें

वीजा-फ्री एंट्री का यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि कोई फॉर्म नहीं भरना पड़ेगा। थाईलैंड जाने वाले विदेशी यात्रियों को Thailand Digital Arrival Card यानी TDAC ऑनलाइन भरना जरूरी है। इसे यात्रा से पहले तीन दिनों के भीतर जमा करना होता है। यह हर एंट्री पर जरूरी है। TDAC के लिए कोई शुल्क नहीं है।

पासपोर्ट और जरूरी दस्तावेज रखें तैयार

यात्रा के समय पासपोर्ट की वैधता, होटल बुकिंग और वापसी या आगे की यात्रा का टिकट जैसे दस्तावेज हमेशा साथ रखें। इमिग्रेशन अधिकारी जरूरत पड़ने पर ठहरने की जगह और पर्याप्त यात्रा खर्च का सबूत भी मांग सकते हैं। इसलिए जरूरी दस्तावेजों की डिजिटल और प्रिंट कॉपी दोनो रखना बेहतर रहेगा।

पैकिंग में इन चीजों को रखें

इस ट्रिप में हल्के और आरामदायक कपड़े, सनस्क्रीन, सनग्लासेस, टोपी, आरामदायक जूते, जरूरी दवाएं और एक छोटा बैग काम आ सकता है। अगर आप समुद्र तट या द्वीपों पर जाने वाले हैं तो स्विमवियर और वाटरप्रूफ बैग भी पैक कर सकते हैं। साथ ही मंदिरों और शाही महलों की यात्रा के लिए ड्रेस कोड का ध्यान रखें। कई धार्मिक और शाही स्थलों पर शालीन कपड़े पहनना जरूरी होता है। थाईलैंड टूरिज्म अथॉरिटी के मुताबिक शाही स्थलों पर कंधे और घुटने ढके हुए कपड़े पहनने की सलाह दी जाती है।

लोकल नियमों को हल्के में न लें

थाईलैंड में स्थानीय कानूनों और नियमों का पालन करना बहुत जरूरी है। खासकर प्रतिबंधित सामान, ड्रग्स और कुछ कृषि या पशु उत्पादों को लेकर नियम सख्त हो सकते हैं। इसलिए बैग में ऐसी कोई चीज न रखें जिसके आयात पर प्रतिबंध हो।

Cannabis को लेकर भी रहें सावधान

थाईलैंड में cannabis यानी भांग, गांजा, मारिजुआना से जुड़े नियमों को लेकर समय-समय पर बदलाव हुए हैं। इसलिए पर्यटकों को बिना जानकारी के cannabis या उससे जुड़े उत्पाद खरीदने या अपने साथ ले जाने से बचना चाहिए और यात्रा से पहले मौजूदा नियम जरूर जांच लेने चाहिए।

ट्रिप से पहले एक चेकलिस्ट जरूर बनाएं

फ्लाइट टिकट, होटल बुकिंग, पासपोर्ट, TDAC, ट्रैवल इंश्योरेंस, जरूरी दवाएं, चार्जर और इंटरनेशनल पेमेंट के विकल्प पहले से तैयार रखें। साथ ही स्थानीय संस्कृति और धार्मिक स्थलों के नियमों का सम्मान करें। यानी थाईलैंड ट्रिप को यादगार बनाने के लिए सिर्फ घूमने की जगहों की लिस्ट बनाना काफी नहीं है। सही डॉक्यूमेंट, स्मार्ट पैकिंग और लोकल नियमों की जानकारी आपकी यात्रा को ज्यादा आसान और सुरक्षित बना सकती है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...