President Murmu met with Premanand Maharaj: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन दिनों उत्तर प्रदेश के ब्रज क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। 19 से 21 मार्च तक चल रहे इस दौरे में उनका मुख्य फोकस धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन और संतों से मुलाकात है। दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति वृंदावन पहुंचीं, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की।
पढ़ें :- Video : संसद परिसर में पीएम मोदी और राहुल गांधी हुए आमने-सामने, दोनों नेता बातचीत करते आए नजर
राधा केली कुंज आश्रम पहुंचने पर प्रेमानंद महाराज ने ‘राधे-राधे’ कहकर उनका स्वागत किया। इस दौरान शिष्यों ने राष्ट्रपति को दुपट्टा और माला पहनाई और प्रसाद भेंट किया। खास बात ये रही कि इस मौके पर राष्ट्रपति का परिवार भी उनके साथ मौजूद था। करीब 27 मिनट तक चली इस मुलाकात में दोनों के बीच अध्यात्म, सेवा और जनकल्याण जैसे विषयों पर चर्चा हुई। प्रेमानंद महाराज ने इस दौरान नाम जाप के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यही मनुष्य के जीवन के उद्धार का सबसे सरल मार्ग है।
राष्ट्रपति के इस दौरे को लेकर पूरे वृंदावन में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। खास बात ये है कि यहां बंदरों से बचाव के लिए भी विशेष टीम लगाई गई है, क्योंकि वृंदावन में बंदरों की वजह से अक्सर पर्यटकों को परेशानी होती है। इस ब्रज दौरे के दौरान राष्ट्रपति प्रेम मंदिर और इस्कॉन में दर्शन-पूजन करेंगी, साथ ही गिर्राज जी की परिक्रमा और रामकृष्ण मिशन में कैंसर ब्लॉक का उद्घाटन भी उनके कार्यक्रम में शामिल है।
बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मू का यह वृंदावन का दूसरा दौरा है। इससे पहले वह 25 सितंबर 2025 को यहां आई थीं, जब उन्होंने निधिवन और बांके बिहारी मंदिर में पूजा-अर्चना की थी, साथ ही मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान के दर्शन भी किए थे।
रिपोर्ट: हर्ष गौतम