सीतामढ़ी का एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक तांत्रिक छोटे-छोटे बच्चों को हवा में इस तरह से घुमा रहा है जिसे देख आप भी दंग रह जाऐंगे। वायरल वीडियो को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। दावे के मुताबिक, मामला परिहार के महादेव पट्टी गांव का बताया जा रहा है, जहां एक व्यक्ति पर कथित तौर पर तांत्रिक गतिविधियां करने के आरोप लगाए गए हैं।
Viral Video: बिहार के सीतामढ़ी जिले से बच्चों के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। करीब सवा मिनट के इस वीडियो में लाल कपड़े पहना एक व्यक्ति बच्चों के आसपास नजर आ रहा है। वीडियो में कुछ बच्चे जमीन पर पड़े दिखाई देते हैं, वही फिर वह व्यक्ति एक बच्चे को अपने पास खींचता और उसे इस तरह से जोर-जोर से हवा में घुमाने लगता है, मानो वह कोई खिलौना हो। मौके पर कुछ अन्य लोग भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं, जो पूरे घटनाक्रम को देख रहे हैं। वीडियो में मौजूद दृश्यों को लेकर ही बच्चों के साथ कथित अमानवीय व्यवहार के आरोप लगाए जा रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, एक श्मशान परिसर में करीब चार साल से बच्चों का इलाज करने के नाम पर कथित तौर पर तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक की गतिविधियां चल रही थीं। बताया जा रहा है कि यहां इलाज के नाम पर बच्चों के साथ कथित तौर पर बेहद कठोर व्यवहार किया जाता था। बच्चों को पैरों से पकड़कर हवा में झुलाने और जमीन पर पटकने जैसी हरकतें की जाती थीं। हैरानी की बात है कि आज के इस दौर में भी ऐसे अंधविश्वासी लोग हैं जो डॉक्टर के बजाय ऐसे ढोंगी बाबाओं का सहारा लेते हैं। ये तांत्रिक गतिविधि इन मासूम बच्चों के लिए जानलेवा भी हो सकती थी।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसके सामने आने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है, स्थानीय स्तर पर @bihar_police, @SitamarhiPolice, @BiharCMQRT से मामले की जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
बता दें कि बिहार CM Quick Response Team ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। टीम श्मशान परिसर में पहुंची लेकिन आरोपी मौके से फरार पाया गया। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। हालांकि, कथित तंत्र-मंत्र के पीछे कौन लोग शामिल थे और कितने बच्चों का इस तरह इलाज किया गया, इसकी पूरी तस्वीर जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।