यहां के सीगेहल्ली इलाके में जून में हुए ट्रिपल मर्डर केस की जांच में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, 25 वर्षीय टेक इंजीनियर जे. केनेथ जो कि ने कथित तौर पर अपनी लिव-इन पार्टनर के परिवार पर हमला करने से पहले AI की मदद से अलग-अलग हिंसक परिस्थितियों के बारे में जानकारी पाने की कोशिश की थी। उसके लैपटॉप की जांच के दौरान ऐसे कई सवालों का खुलासा हुआ हैं, जिनसे जांचकर्ताओं को उसकी कथित पहले से तैयारी का संकेत मिला।
बेंगलुरु। यहां के सीगेहल्ली इलाके में जून में हुए ट्रिपल मर्डर केस की जांच में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, 25 वर्षीय टेक इंजीनियर जे. केनेथ जो कि ने कथित तौर पर अपनी लिव-इन पार्टनर के परिवार पर हमला करने से पहले AI की मदद से अलग-अलग हिंसक परिस्थितियों के बारे में जानकारी पाने की कोशिश की थी। उसके लैपटॉप की जांच के दौरान ऐसे कई सवालों का खुलासा हुआ हैं, जिनसे जांचकर्ताओं को उसकी कथित पहले से तैयारी का संकेत मिला।
AI से पूछे गए थे हिंसक सवाल
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, फॉरेंसिक जांच के दौरान केनेथ के लैपटॉप पर Google की ड्रॉपडाउन हिस्ट्री में AI से जुड़े कई सवाल मिले। इनमें चाकू से जानलेवा हमला करने, मिर्च पाउडर और सिरके से किसी को नुकसान पहुंचाने, तीन लोगों को काबू करने और घुटनों पर हमला करने जैसे गंभीर सवाल शामिल थे। पुलिस ने बताया है कि ये सवाल 22 जून को हुए कथित हमले से पहले किए गए थे। हालांकि, जांच एजेंसियां अभी यह पता नहीं लगा पाई हैं कि AI ने इन सवालों के जवाब में वास्तव में क्या बताया था?
बता दें कि इस जांच में एक और अहम बात सामने आई है। पुलिस को घटनास्थल से सिरके और मिर्च पाउडर के मिश्रण वाली एक बोतल भी मिली है। इसे फॉरेंसिक साइंस लैब को जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि लैपटॉप पर मिले सवालों और घटनास्थल से बरामद सामान के बीच कोई संबंध है या नहीं।
₹52 लाख के कर्ज का क्या है कनेक्शन?
कोर्ट में दाखिल 2,085 पन्नों की चार्जशीट के मुताबिक, इस मामले की कथित वजह आर्थिक दबाव और कर्ज से जुड़ा विवाद था। कथित तौर पर केनेथ की लिव-इन पार्टनर श्वेता ने उसके लिए करीब 52 लाख रुपये के अलग-अलग लोन लिए थे। इनमें 30 लाख रुपये का बिजनेस लोन, दो बैंकों से आठ लाख और छह लाख रुपये के पर्सनल लोन तथा दोस्तों, रिश्तेदारों और अन्य परिचितों से लिए गए करीब आठ लाख रुपये शामिल थे। इस लोन की किस्तें नहीं चुकने के बाद बैंक की ओर से नोटिस पहुंचा, जिसके बाद श्वेता के माता-पिता को इस आर्थिक स्थिति के बारे में सूचना मिली। श्वेता के पिता सोमसुंदर ने कथित तौर पर केनेथ से पैसों को लेकर सवाल किए। इसके कुछ दिनों बाद 22 जून की रात सीगेहल्ली स्थित अपार्टमेंट में विवाद एक हिंसक रूप ले लिया।
ऐसा आरोप है कि केनेथ ने श्वेता के पिता सोमसुंदर, मां मुथुलक्ष्मी और बहन सुप्रिया पर चाकू से हमला किया। वहीं तीनों की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस की चार्जशीट और जांच के आधार पर केनेथ पर हत्या के आरोप लगे हैं।
पुलिस के लिए AI हिस्ट्री क्यों अहम?
जांच अधिकारियों का कहना है कि AI से किए गए सवाल इसलिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि उनकी समयसीमा कथित हत्याओं से पहले की है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि केनेथ AI से नियमित बातचीत करता था और उसे एक दोस्त की तरह इस्तेमाल करता था। हालांकि, पुलिस ने अभी यह निष्कर्ष नहीं दिया है कि AI ने अपराध के लिए उसे कोई प्रत्यक्ष निर्देश दिए थे।
आपको बता दें कि यह मामला अब सिर्फ ट्रिपल मर्डर की जांच तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि AI के संभावित दुरुपयोग और हिंसक गतिविधियों के लिए तकनीक के इस्तेमाल को लेकर भी बेहद गंभीर सवाल उठा रहा है।