देश की राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में रक्षा मंत्रालय में तैनात एक 30 वर्षीय महिला अधिकारी का शव उनके फ्लैट में संदिग्ध हालात में मिला है। इस मृतका की पहचान नाजिया खानम के रूप में हुई है, जो मंत्रालय में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO) के पद पर काम कर रही थीं। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नाजिया की शादी को अभी मात्र सात महीने ही हुए थे। साथ ही वह तीन महीने की गर्भवती भी थीं।
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में रक्षा मंत्रालय में तैनात एक 30 वर्षीय महिला अधिकारी का शव उनके फ्लैट में संदिग्ध हालात में मिला है। इस मृतका की पहचान नाजिया खानम के रूप में हुई है, जो मंत्रालय में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO) के पद पर काम कर रही थीं। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नाजिया की शादी को अभी मात्र सात महीने ही हुए थे। साथ ही वह तीन महीने की गर्भवती भी थीं।
ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप
इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और मृतका के मायके वाले घटनास्थल पर पहुंचे। नाजिया के परिजनों ने उनके पति अजम अली खान और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि मृतका की शादी 11 अप्रैल 2026 को हुई थी। शादी के बाद से ही नाजिया को दहेज और अन्य कारणों से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के पिता ने बताया कि नाजिया अक्सर फोन पर अपने साथ होने वाले दुर्व्यवहार के बारे में बताती थी।
पति का बयान
वहीं दूसरी ओर पूछताछ में मृतका के पति ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले उनके बीच किसी विषय पर कहासुनी हुई थी। पति के अनुसार, विवाद के बाद अधिकारी दूसरे कमरे में चली गई थीं, जिसके बाद यह दुखद घटना घटी।
पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच जारी
दिल्ली पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं, जिसमें धारा 85 यानी क्रूरता और धारा 108 यानी उकसाना के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कानून के अनुसार, विवाह के सात वर्ष के भीतर संदिग्ध मृत्यु होने पर सब-डिवीजनल मजिस्ट्रेट (SDM) की देखरेख में कार्यवाही शुरू की गई है। फिलहाल, इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस और अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।