ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट की लैंडिंग उस वक्त खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई, जब विमान की पूंछ रनवे से दो बार टकरा गई। तेज हवाओं के बीच विमान लड़खड़ाया, लेकिन पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए लैंडिंग रोक दी और कुछ देर बाद विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की।
Heathrow Airport: लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर ब्रिटिश एयरवेज के एक विमान की लैंडिंग के दौरान हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला। विमान रनवे पर उतरने की कोशिश कर रहा था, तभी तेज हवाओं के बीच उसका संतुलन बिगड़ गया। इस दौरान विमान का पिछला हिस्सा यानी पूंछ दो बार रनवे से टकरा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित लैंड करा लिया गया और सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना गुरुवार सुबह की है। ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA431 नीदरलैंड के एम्स्टर्डम से लंदन आ रही थी। विमान एयरबस A321neo था और इसमें करीब 200 यात्री सवार थे। सुबह लगभग 10:30 बजे विमान हीथ्रो एयरपोर्ट के टर्मिनल-5 पर उतरने की तैयारी कर रहा था।
इसी दौरान तेज हवाओं के कारण विमान हवा में डगमगाने लगा। पहले उसके पहियों ने रनवे को छुआ और फिर विमान का पिछला हिस्सा दो बार जमीन से टकरा गया। विमानन की भाषा में इस घटना को ‘डबल टेल स्ट्राइक’ कहा जाता है। इसमें विमान की पूंछ लैंडिंग के दौरान रनवे से टकरा जाती है।
स्थिति को देखते हुए पायलट ने लैंडिंग की कोशिश रोक दी और विमान को दोबारा हवा में उठा लिया। विमानन क्षेत्र में इस प्रक्रिया को ‘गो-अराउंड’ कहा जाता है। इसके बाद विमान ने आसमान में एक और चक्कर लगाया और करीब 10:49 बजे दोबारा सुरक्षित लैंडिंग की।
यह पूरा घटनाक्रम BigJet TV की लाइव स्ट्रीमिंग में रिकॉर्ड हो गया। ब्रिटिश एयरवेज ने बताया कि विमान सुरक्षित उतर गया है और कंपनी एयर एक्सीडेंट्स इन्वेस्टिगेशन ब्रांच (AAIB) की जांच में सहयोग कर रही है। एहतियात के तौर पर विमान को दो दिनों के लिए उड़ान से हटाए जाने की बात भी सामने आई है।
फिलहाल शुरुआती जानकारी में तेज हवाओं को घटना की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।