फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक अलर्ट मिलने से हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर विमान को जयपुर डायवर्ट कर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान में 293 यात्री और 13 क्रू मेंबर सवार थे। हालांकि, जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और अलर्ट झूठा साबित हुआ।
Aviation News India: फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-2030 को हाईजैक अलर्ट मिलने के बाद बुधवार सुबह जयपुर की ओर मोड़ दिया गया। विमान की जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान, यात्रियों और उनके सामान की जांच की। शुरुआती जांच में बम की धमकी की आशंका जताई गई थी, लेकिन तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जांच पूरी होने के बाद विमान को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दे दी गई और यात्री दिल्ली के लिए रवाना हुए।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बोइंग 787-9 विमान से संचालित इस फ्लाइट में 293 यात्री और 13 क्रू सदस्य मौजूद थे। विमान बुधवार सुबह करीब 9:35 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर उतरा। एहतियात के तौर पर उसे मुख्य टर्मिनल से अलग आइसोलेशन बे में ले जाया गया। यात्रियों को विमान से उतारकर टर्मिनल भवन में पहुंचाया गया, जहां सुरक्षा प्रक्रिया के तहत उनकी और उनके सामान की जांच की गई।
जयपुर एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट!
जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट AI-2030 की जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
विमान में हाईजैक अलर्ट की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर जांच शुरू की गई।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं।पायलट की गलती की वजह से विमान हाईजैक का बटन दब गया जिसके बाद देश में हलचल
मच गयी….सब कुछ ठीक है फिलहाल कुछ भी नहीं हैं !— Manish Bhattacharya (INDIA TV)﮷ (@Manish_IndiaTV) October 14, 2026
सूत्रों के अनुसार, विमान के मुंबई के ऊपर उड़ान भरने के दौरान पायलट की ओर से स्क्वाक कोड 7500 सक्रिय किया गया था। विमानन क्षेत्र में इस कोड का इस्तेमाल विमान में गैरकानूनी हस्तक्षेप या हाईजैक की स्थिति का संकेत देने के लिए होता है। अलर्ट मिलने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। इसके बाद विमान को जयपुर डायवर्ट करने का फैसला लिया गया।
जयपुर पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, एयरपोर्ट प्रबंधन ने इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना पुलिस को दी थी। एयर इंडिया ने भी कहा कि संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने जरूरी जांच के बाद विमान और क्रू को मंजूरी दे दी।