INDIA alliance’s March : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता के इस्तीफे की मांग को लेकर देश में सियासी गतिरोध बढ़ता जा रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन से रूके जाने के बाद सोमवार को विपक्षी इंडिया गठबंधन के नेता सड़कों पर उतरने वाले हैं। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी समेत कई विपक्षी दल सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे। इस प्रदर्शन को ‘चलो दिल्ली मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ नाम दिया गया है।
पढ़ें :- INDIA गठबंधन के विरोध प्रदर्शन पर CM योगी बोले- वे अराजकता फैलाकर आम जनता को कर रहे हैं परेशान
जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट तक मार्च के लिए विपक्षी नेता दोपहर 1:30 बजे कनॉट प्लेस-बाराखंभा रोड जंक्शन पर जुटेंगे। हालांकि, CJI सूर्यकांत ने INDIA ब्लॉक के सांसदों से मिलने से इंकार कर दिया है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को CJI से मुलाकात का समय मांगा था, ताकि उन्हें ज्ञापन सौंप सकें। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने कहा कि विपक्ष जिन मुद्दों को उठाना चाहता है, वे पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन हैं। मुलाकात की मांग खारिज होने पर कांग्रेस ने कहा कि सीजेआई के फैसले का सम्मान करते हैं, लेकिन वे मार्च करेंगे।
विपक्ष, ज्ञानेश कुमार गुप्ता के इस्तीफे, SIR पर रोक और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग कर रहा है। साथ ही, विपक्षी नेताओं ने 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने और उनके साथ मारपीट का विरोध भी जताया है। इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन को लेकर जनपथ, मंडी हाउस सहित दिल्ली के 6 मेट्रो स्टेशन बंद हैं। इस बीच, 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में विरोध मार्च की तैयारियां जारी हैं। यहां टेंट लगाया गया है। तिरपाल बिछाई गई है और पंखों की भी व्यवस्था की गई है।