Japan Masters 2026 : भारत के स्टार शटलर लक्ष्य सेन ने रविवार को 'कुमामोटो मास्टर्स जापान 2026' का खिताब अपने नाम किया। उन्होंने कुमामोटो प्रीफेक्चुरल जिम्नेजियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में जापान के कोकी वातानाबे को मात दी। यह मुकाबला तीन गेम तक चला। सेन ने पहला गेम हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए 13-21, 21-18, 21-14 से जीत दर्ज की। ये इस सीजन का उनका दूसरा खिताब है।
Japan Masters 2026 : भारत के स्टार शटलर लक्ष्य सेन ने रविवार को ‘कुमामोटो मास्टर्स जापान 2026’ का खिताब अपने नाम किया। उन्होंने कुमामोटो प्रीफेक्चुरल जिम्नेजियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में जापान के कोकी वातानाबे को मात दी। यह मुकाबला तीन गेम तक चला। सेन ने पहला गेम हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए 13-21, 21-18, 21-14 से जीत दर्ज की। ये इस सीजन का उनका दूसरा खिताब है।
लक्ष्य सेन को आठवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य को स्थानीय खिलाड़ी वातानाबे को हराने में एक घंटा चार मिनट का समय लगा। वातानाबे ने सेमीफाइनल में दुनिया के नंबर 2 खिलाड़ी कुनलावुत वितिदसार्न को हराकर सबको चौंका दिया था। इस जीत के साथ, वातानाबे के खिलाफ लक्ष्य का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड अब 5-3 हो गया है। फाइनल की शुरुआत भारतीय खिलाड़ी के लिए अच्छी नहीं रही। वातानाबे ने अपने बैकहैंड और सटीक शॉट्स का इस्तेमाल करते हुए लक्ष्य को कोर्ट पर काफी दौड़ाया, जिससे लक्ष्य से कुछ गलतियां हुईं।
जापानी खिलाड़ी ने शुरुआत में ही बढ़त बना ली और पहले गेम में अपना दबदबा बनाए रखते हुए उसे 21-13 से जीत लिया। लक्ष्य ने दूसरे गेम में जोरदार वापसी की। उन्होंने आक्रामक रुख अपनाते हुए अपने स्मैश और मजबूत डिफेंस के दम पर वातानाबे को दबाव में ला दिया। भारतीय खिलाड़ी ने 9-2 की बढ़त बनाई और 11-6 के स्कोर के साथ इंटरवल तक पहुंचे। गेम के अंत में वातानाबे ने लगातार पांच अंक जीतकर वापसी करने की कोशिश की और अंतर को कम करके 16-19 कर दिया। हालांकि, लक्ष्य ने संयम बनाए रखा और 21-18 से गेम जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम (डिसाइडर) तक पहुंचा दिया।
तीसरे गेम में लक्ष्य ने पूरी तरह से खेल पर अपना नियंत्रण बना लिया। शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों के बीच अंकों का आदान-प्रदान हुआ, लेकिन फिर लक्ष्य ने अपनी लय पकड़ ली और 11-7 की बढ़त के साथ इंटरवल तक पहुंचे। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए लगातार छह अंक हासिल किए और अपनी बढ़त को 17-7 तक पहुंचा दिया।वातानाबे ने अंकों के अंतर को कुछ कम जरूर किया, लेकिन लक्ष्य ने खेल पर अपनी पकड़ बनाए रखी और खिताब की ओर कदम बढ़ाए। उन्होंने 20-13 के स्कोर पर मैच पॉइंट हासिल किया और फिर एक जोरदार स्मैश के साथ 21-14 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। लक्ष्य ने शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की और अपनी मुट्ठी भींचकर तथा दहाड़ते हुए जश्न मनाया।
जापान मास्टर्स का खिताब लक्ष्य की लगातार दूसरी टूर्नामेंट जीत है; इससे पहले इस महीने की शुरुआत में उन्होंने जर्मनी में ‘हाइलो ओपन’ जीता था। उस फाइनल में उन्होंने मौजूदा चैंपियन जोनाथन क्रिस्टी को हराकर 2026 सीज़न का अपना पहला खिताब अपने नाम किया था। 25 वर्षीय लक्ष्य इस साल की शुरुआत में ‘ऑल इंग्लैंड ओपन’ में उपविजेता (रनर-अप) भी रहे थे। उनकी इस ताज़ा जीत से सीज़न के अंत में होने वाले ‘BWF वर्ल्ड टूर फाइनल्स’ के लिए क्वालीफाई करने की उनकी उम्मीदों को एक बड़ा बढ़ावा मिला है।
कुमामोटो में लक्ष्य का शुरुआती दौर का सफर काफी आसान रहा। उन्होंने ची यू जेन, डोंग तियानयाओ और युशी तनाका को सीधे गेमों में हराया, और फिर सेमीफाइनल में छठी वरीयता प्राप्त अल्वी फरहान को मात दी। पिछले साल सेमीफाइनल तक पहुंचने के बाद, इस बार लक्ष्य ने जापान में एक कदम और आगे बढ़कर सफलता हासिल की है। लगातार दो खिताब जीतकर, भारतीय खिलाड़ी ने सीज़न के इस अहम पड़ाव पर अपनी लय वापस पा ली है।