1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. ‘बैग में गांजा रख दो..’ बालिग प्रेमी जोड़े ने परिजनों को फोन करने से किया इनकार, पुलिस ने दी झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी

‘बैग में गांजा रख दो..’ बालिग प्रेमी जोड़े ने परिजनों को फोन करने से किया इनकार, पुलिस ने दी झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी

सिवनी में एक होटल में ठहरे बालिग प्रेमी जोड़े से पूछताछ के दौरान एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा का कथित बयान सीसीटीवी में कैद हुआ है। वायरल वीडियो में वे युवक के बैग में गांजा रखने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं।

By Kalpna Pandey 
Updated Date

Madhya Pradesh Police: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक होटल में ठहरे बालिग युवक और युवती से पूछताछ के दौरान एडिशनल एसपी का कथित बयान कैमरे में कैद हो गया। वायरल सीसीटीवी फुटेज में अधिकारी होटल स्टाफ से युवक के बैग में गांजा रखने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल और सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।

पढ़ें :- 'किसान का 9 महीना ताश, राजश्री, बोतल और चोंगी में बीतता है...' BJP सांसद जनार्दन मिश्रा की अन्नदाताओं पर विवादित टिप्पणी

जानकारी के मुताबिक, घटना 13 नवंबर की है। सिवनी के एक होटल में ठहरे युवक और युवती से पूछताछ करने के लिए एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और थाना प्रभारी सतीश तिवारी पहुंचे थे। पुलिस अधिकारियों ने दोनों से उनके परिवार के बारे में जानकारी ली और माता-पिता को फोन करने के लिए कहा।

बताया जा रहा है कि युवक और युवती ने खुद को बालिग बताते हुए कहा कि वे एक ही जाति से हैं और जल्द ही शादी करने वाले हैं। हालांकि, युवती ने अपना मोबाइल फोन अनलॉक करने और परिजनों से बातचीत करने से इनकार कर दिया।

 

इसके बाद स्थिति तब और गंभीर हो गई, जब वायरल फुटेज में एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा होटल स्टाफ से कहते सुनाई दिए, ‘लड़के के बैग में थोड़ा गांजा रख दो।’ इस कथित टिप्पणी ने पुलिस की कार्यप्रणाली और पूछताछ के तरीके पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या किसी बालिग युवक-युवती का अपनी मर्जी से साथ रहना पुलिस की पूछताछ और दबाव का आधार हो सकता है? कानून के मुताबिक, बालिग नागरिकों को अपनी पसंद से जीवन जीने का अधिकार है।

फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही और विभागीय कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं। उपलब्ध जानकारी में मामले की जांच या कार्रवाई को लेकर कोई स्पष्ट आधिकारिक अपडेट सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि पुलिस विभाग इस गंभीर प्रकरण पर क्या कदम उठाता है।

पढ़ें :- पति को पीठ पर लादकर कलेक्टोरेट पहुंची 60 साल की महिला, ट्राइसाइकिल की लगाई गुहार; वीडियो देख हो जायेंगे भावुक

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...