नई दिल्ली/लखनऊ/पटना/जयपुर। नीट पेपर लीक को लेकर शुरू हुआ विरोध अब देशव्यापी राजनीतिक टकराव का रूप ले चुका है। दिल्ली में कांग्रेस के प्रधानमंत्री आवास मार्च के बाद बुधवार को कई राज्यों में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। कई जगह पुलिस को हालात संभालने के लिए लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
पढ़ें :- अनशन खत्म करने को तैयार सोनम वांगचुक, सरकार के सामने रखीं ये अहम शर्तें
लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय में महिला कार्यकर्ता लठ लेकर तैनात
राजधानी लखनऊ में भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस प्रदेश कार्यालय का घेराव करने निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए और सरकार के समर्थन में नारे लगाने लगे। उधर संभावित टकराव को देखते हुए कांग्रेस कार्यालय के बाहर महिला कार्यकर्ताओं को भी तैनात किया गया। उनके हाथों में लाठियां नजर आईं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पार्टी शांतिपूर्ण तरीके से लोकतांत्रिक विरोध में विश्वास रखती है, लेकिन कार्यकर्ता किसी भी चुनौती का जवाब देने के लिए तैयार हैं।
लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय में महिला कार्यकर्ता लठ लेकर तैनात
पटना में छात्रों पर पुलिस ने वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज किया
पढ़ें :- राहुल गांधी के धरने पर बैठते यूं ही नहीं केंद्रीय मंत्री बात करने पहुंचे थे? मोदी सरकार का विपक्ष से प्यार नहीं बल्कि ये है डर
बिहार की राजधानी पटना में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र राजभवन मार्च निकाल रहे थे। पुलिस ने जेपी गोलंबर पर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने लगे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने पहले वाटर कैनन चलाया, फिर आंसू गैस के गोले छोड़े और बाद में लाठीचार्ज किया। कार्रवाई के विरोध में छात्र कुछ देर सड़क पर धरने पर बैठ गए, हालांकि बाद में उन्होंने फिर बैरिकेडिंग पार कर मार्च जारी रखा। छात्र संगठनों का कहना है कि उनका प्रदर्शन केवल पेपर लीक ही नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और निजीकरण के खिलाफ भी है। साथ ही दिल्ली में छात्र आंदोलन पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भी यह मार्च निकाला गया।
पटना।
जयपुर में भाजपा का कांग्रेस कार्यालय घेराव
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय की ओर मार्च निकाला गया। चौमूं हाउस सर्किल पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। जब कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड्स पार करने लगे तो पुलिस ने उन्हें पीछे हटाने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। कुछ देर तक पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।
जयपुर
पढ़ें :- संसद में छात्रों के मुद्दे पर अखिलेश यादव का सरकार पर हमला, बोले- "क्या बेटियों के कपड़े फाड़ देंगे आप?"
वाराणसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया
दिल्ली में राहुल गांधी और अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में वाराणसी में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतर आए। अंबेडकर प्रतिमा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोक दिया। विरोध बढ़ने पर कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहन में बैठाकर ले जाया गया।
वहीं बहराइच में समाजवादी पार्टी के विधायक आनंद यादव समेत कई नेताओं को एहतियातन नजरबंद किया गया। वाराणसी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएचयू और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
देशभर में बढ़ा सियासी तापमान
नीट पेपर लीक का मुद्दा अब केवल छात्रों के आंदोलन तक सीमित नहीं रह गया है। विपक्ष सरकार पर परीक्षा व्यवस्था में विफल रहने का आरोप लगा रहा है, जबकि भाजपा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को राजनीतिक बताकर जवाबी प्रदर्शन कर रही है। ऐसे में कई राज्यों में सियासी माहौल लगातार गरमाता नजर आ रहा है।