मुंबई। बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) का जादू एक बार फिर फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है। उनकी आने वाली फिल्म ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ (Tu Mil Jaye) रिलीज होते ही छा गया है। शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) के 61वें जन्मदिन के खास मौके पर 2 नवंबर, 2026 की आधी रात को रिलीज हुए इस रोमांटिक गाने को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है।
पढ़ें :- शाहरूख खान की 'किंग' के टीजर का इंतजार खत्म, SRK के बर्थडे से पहले मन्नत में दिखी खास तैयारी
24 घंटों में बनाया ये रिकॉर्ड
रिलीज के महज 24 घंटों के अंदर ही ‘तू मिल जाए’ ने सभी प्लेटफॉर्म पर 6 करोड़ से ज्यादा व्यूज हासिल कर लिए हैं। वहीं, सिर्फ यूट्यूब पर इस गाने को 3.63 करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है और इसे 4.3 लाख से ज्यादा लाइक्स भी मिल चुके हैं। इसी के साथ यह 24 घंटे में सबसे ज्यादा देखे जाने वाला भारतीय फिल्मी गाना बन गया है।
खास बात यह है कि ‘तू मिल जाए’ ने शाहरुख खान की ही ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जवान’ के गाने ‘जिंदा बंदा’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ‘जिंदा बंदा’ को रिलीज के पहले 24 घंटों में 3.46 करोड़ व्यूज मिले थे। इसके अलावा ‘तू मिल जाए’ ने ‘गुज्जू पटाका’ (3.40 करोड़), ‘जय श्री राम’ (3.22 करोड़) और ‘राम सिया राम’ (3.21 करोड़) को भी पीछे छोड़ दिया है। इस तरह शाहरुख खान ने अपने ही पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए एक नया इतिहास रच दिया है।
पढ़ें :- 'किंग' का बुखार अब मुंबई के 'टाइमवैली बाय आर्ट ऑफ टाइम' तक पहुंचा, शाहरुख खान के जन्मदिन से पहले सी लिंक पर दिखा खास नजारा
क्या है गाने में खास?
गाने में शाहरुख खान एक एक्शन हीरो और लवर के तौर पर नजर आ रहे हैं। गाने के शुरुआत में शाहरुख कहते हैं- ‘मैं कातिल नहीं आशिक हूं, और निशाना मेरी माशूका।’ इसके बाद उनके साथ दीपिका पादुकोण नजर आ रही हैं। गाने में एक बार फिर शाहरुख-दीपिका की रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिल रही है।
रोमांटिक गाने के बीच में कई एक्शन-पैक सीन भी देखने को मिलते हैं। इस दौरान एक तरफ शाहरुख हथियारों की स्मगलिंग करते नजर आते हैं, तो वहीं दूसरी तरफ एक आशिक की तरह। गाने के बीच में बॉलीवुड के बादशाह शर्टलेस सीन के साथ अपनी शानदार बॉडी भी फ्लेक्स करते नजर आते हैं।
वहीं गाने के आखिर में शाहरुख दमदार फाइटिंग सीन्स करते भी दिखते हैं। आखिर में शाहरुख कहते हैं- ‘पर इस बार दिल में आग लगी है। अब दुनिया जलाए बिना मानेगा नहीं।’ गाने की शुरुआत में रोमांटिक डायलॉग और आखिर में दर्द और एक्शन-पैक सीन्स देखकर अब फैंस की धड़कने और भी बढ़ गईं हैं।
कब रिलीज होगी ‘किंग’?
फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस प्रोजेक्ट में शाहरुख खान अपनी बेटी सुहाना खान के साथ काम कर रहे हैं। यह सुहाना खान की बड़े पर्दे पर पहली फिल्म होगी। फिल्म में दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, अभय वर्मा, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी, जयदीप अहलावत, राघव जुयाल और रानी मुखर्जी जैसे सितारे भी नजर आएंगे। फिल्म ‘किंग’ 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।