नॉर्वे के स्वालबार्ड में बना 'डूम्सडे वॉल्ट' दुनिया के लाखों बीजों को सुरक्षित रखता है। भारत ने भी चना, मूंगफली, बाजरा और अरहर जैसे पारंपरिक बीज यहां जमा किए हैं। इसका मकसद प्राकृतिक आपदा या किसी बड़े संकट के बाद खेती और खाद्य सुरक्षा को फिर से बहाल करना है।
Svalbard Global Seed Vault: दुनिया में कभी परमाणु युद्ध, भयानक प्राकृतिक आपदा या जलवायु परिवर्तन के कारण खेती तबाह हो गई तो इंसानों के सामने खाने का बड़ा संकट खड़ा हो सकता है। ऐसी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए नॉर्वे के आर्कटिक क्षेत्र में एक अनोखी तिजोरी बनाई गई है। इसे ‘स्वालबार्ड ग्लोबल सीड वॉल्ट’ कहा जाता है। दुनिया इसे ‘डूम्सडे वॉल्ट’ यानी कयामत की तिजोरी के नाम से भी जानती है। इस बैंक में भारत समेत दुनिया के कई देशों के लाखों बीज सुरक्षित रखे गए हैं।
नॉर्वे के स्वालबार्ड द्वीपसमूह में साल 2008 में इस सीड वॉल्ट की शुरुआत हुई थी। इसे पहाड़ के अंदर करीब 150 मीटर गहराई में बनाया गया है। इसकी खास बनावट इसे प्राकृतिक आपदाओं और बाहरी खतरों से बचाने में मदद करती है। यहां बीजों को माइनस 18 डिग्री सेल्सियस तापमान पर रखा जाता है, ताकि उनकी गुणवत्ता लंबे समय तक बनी रहे। इसका मकसद दुनिया की फसलों की विविधता को सुरक्षित रखना है, जिससे किसी बड़े संकट के बाद दोबारा खेती शुरू की जा सके।
इस वैश्विक बीज बैंक में भारत की भी अहम भागीदारी है। भारत ने चना, मूंगफली, बाजरा और अरहर जैसी फसलों के बीज यहां सुरक्षित रखे हैं। इस वॉल्ट की खासियत यह है कि यहां जमा बीजों का मालिकाना हक संबंधित देश के पास ही रहता है। जिस देश ने बीज जमा किए हैं, वही उन्हें वापस निकाल सकता है।
इस तिजोरी की उपयोगिता सीरिया युद्ध के दौरान सामने आई थी। अलेप्पो स्थित जीन बैंक के तबाह होने के बाद यहां से बीज निकालकर खेती को दोबारा शुरू करने में मदद ली गई थी। यह पहला मौका था जब इस वॉल्ट से बीजों की निकासी की गई।