उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के एम्स थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग-28 फोरलेन पर एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के एम्स थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग-28 फोरलेन पर एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
डिवाइडर पार जा गिरी महिला
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, खोराबार थाना क्षेत्र के प्यासी गांव के रहने वाले प्रदीप यादव अपनी पत्नी 38 वर्षीय साधना यादव और तीन बच्चों के साथ बाइक से माडापार की तरफ जा रहे थे। उनकी बाइक जैसे ही बहरामपुर बड़ी कुरमौल के पास NH-28 फोरलेन पर पहुंची, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। आपको बता दें कि टक्कर इतनी भीषण थी कि साधना यादव उछलकर डिवाइडर के दूसरी तरफ जा गिरीं और सिर में गंभीर चोट आने के कारण उनकी मौत मौके पर ही हो गई।
घायलों का एम्स में इलाज जारी
इस हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना पुलिस और एम्बुलेंस को दी। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए एम्स गोरखपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
इस भीषण दुर्घटना की सूचना मिलते ही एम्स थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित परिवार की कथनानुसार मामला दर्ज किया जा रहा है। साथ ही दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।