PM मोदी की तारीफ में बिहार बीजेपी का ‘दो ठेकुआ, एक चाय’ वाला पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया। पोस्ट पर यूजर्स ने समर्थन के साथ-साथ विरोध में भी कई तरह की प्रतिक्रियाएं दीं।
BJP Viral Slogan: बिहार बीजेपी के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद ‘दो ठेकुआ, एक चाय, PM मोदी देश को भाए’ वाला नारा चर्चा में आ गया है। मंगलवार, 6 अक्टूबर को बिहार बीजेपी के आधिकारिक एक्स हैंडल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरों का एक कोलाज शेयर किया गया। पोस्ट में तुकबंदी के अंदाज में लिखा गया, ‘दो ठेकुआ, एक चाय, PM मोदी देश को भाए।’ बीजेपी की ओर से इसे प्रधानमंत्री की लोकप्रियता और उनकी तारीफ से जोड़कर पेश किया गया।
बीजेपी का यह पोस्ट ऐसे समय आया है जब सोशल मीडिया पर कुछ तुकबंदी वाले नारे तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें ‘एक कचौरी दो समोसा’ और ‘एक सुट्टा दो चाय’ जैसे नारों का भी जिक्र किया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘एक कचौरी दो समोसा’ जैसे नारों का इस्तेमाल महिलाओं और छात्रों से जुड़े विरोध प्रदर्शनों के दौरान किया गया था। दिल्ली में यौन उत्पीड़न के खिलाफ हुए प्रदर्शनों में भी इसी तरह के कई नारे सुनने को मिले थे।
इसी सोशल मीडिया ट्रेंड के बीच बिहार बीजेपी ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ में अपना तुकबंदी वाला संदेश पोस्ट किया। पोस्ट सामने आने के बाद यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं। कुछ लोगों ने बीजेपी के समर्थन में प्रतिक्रिया दी, जबकि कई यूजर्स ने पोस्ट पर आपत्ति जताते हुए अलग-अलग अंदाज में जवाब दिया।
एक यूजर ने लिखा, ‘एक ही भूल, कमल का फूल’, जबकि दूसरे यूजर ने लिखा, ‘दो ठेकुआ, एक चाय, मोदी जी अब तनिक न सुहाय। इसी तरह कई और यूजर्स ने तुकबंदी को बदलते हुए प्रधानमंत्री मोदी को लेकर अलग टिप्पणी की। इसके अलावा पोस्ट के कमेंट सेक्शन में कई अन्य प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिलीं।
फिलहाल बीजेपी का यह पोस्ट और उस पर आए यूजर्स के जवाब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।