Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Uttar Pradesh Division: ‘यूपी चार हिस्सों में बंटेगा’…? ओपी राजभर के बयान से फिर गरमाई सियासत

Uttar Pradesh Division: ‘यूपी चार हिस्सों में बंटेगा’…? ओपी राजभर के बयान से फिर गरमाई सियासत

By Kalpna Pandey 
Updated Date

Uttar Pradesh Division: देवरिया के सोनूघाट स्थित जनता इंटर कॉलेज में रविवार को सुभासपा की सामाजिक समरसता महारैली आयोजित हुई। इसी मंच से ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश चार हिस्सों में बंटेगा। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि अगर अलग पूर्वांचल राज्य बनता है, तो वहां राजभर समाज का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा।

पढ़ें :- यूपी में चला अखिलेश के खिलाफ पोस्टर वार! "आजम, अतीक और मुख्तार, यही चलाते थे सरकार"

ओपी राजभर ने कार्यकर्ताओं से इस लक्ष्य को ध्यान में रखकर संगठन को मजबूत करने और समाज के बीच काम करने की अपील भी की। वहीं OBC आरक्षण में हिस्सेदारी की मांग करते हुए राजभर ने कहा की आरक्षण का लाभ सभी पिछड़ी जातियों तक उनकी आबादी के अनुपात में पहुंचना चाहिए।

उनका कहना है कि राजभर समाज को भी संख्या के आधार पर आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए। सुभासपा अध्यक्ष ने कहा कि वह आरक्षण में हिस्सेदारी का मुद्दा लखनऊ में हुई पंचायतों के जरिए उठा चुके हैं और इसे प्रधानमंत्री के सामने भी रख चुके हैं। जातिवार जनगणना के मुद्दे का भी जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे अलग-अलग वंचित वर्गों की हिस्सेदारी को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है।

 

रैली के मंच से ओम प्रकाश राजभर ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने करीब 60 साल तक शासन किया, जबकि सपा और बसपा भी उत्तर प्रदेश में कई बार सत्ता में रह चुकी हैं इस दौरान पिछड़े समाज को इससे क्या मिला। साथ ही उन्होंने अपने समर्थकों से इन दलों के बहकावे में नहीं आने की अपील की और कहा कि उनकी पार्टी पिछले करीब 10 साल से सरकार के साथ है। राजभर ने सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने का भी दावा किया।

वैसे यूपी को चार हिस्सों में बांटने की बात नई नहीं है। साल 2011 में मायावती सरकार के दौरान उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों- पूर्वांचल, बुंदेलखंड, पश्चिम प्रदेश और अवध प्रदेश में बांटने का प्रस्ताव विधानसभा से पारित हुआ था और इसे केंद्र सरकार को भेजा गया था। हालांकि, वह प्रस्ताव राज्य के विभाजन में तब्दील नहीं हुआ।

अब 2027 विधानसभा चुनाव से पहले देवरिया की रैली में राजभर के इस बयान ने पुराने मुद्दे को फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

पढ़ें :- बसपा छोड़ सपा में पहुंचे मयंक द्विवेदी, क्या ब्राह्मण वोट बनेगा सपा का नया आधार?
Advertisement