एक पुराने मामले में यूट्यूबर ध्रुव राठी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अदालत में लगातार पेश न होने के बाद अब ऐसा आदेश आया है, जिसने उनके कानूनी मामले को फिर चर्चा में ला दिया है। आखिर कोर्ट ने यह कदम क्यों उठाया और अब आगे क्या होगा?
Dhruv Rathee News: यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ दिल्ली की साकेत कोर्ट ने 2018 के आपराधिक मानहानि मामले में गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया है। शिकायतकर्ता विकास सांकृत्यायन की शिकायत पर सुनवाई करते हुए अदालत ने यह आदेश दिया। मामले की सुनवाई न्यायिक मजिस्ट्रेट अनम रईस खान की अदालत में हुई।
दरअसल, यह विवाद ध्रुव राठी के ‘BJP IT Cell Part II’ नाम के वीडियो से जुड़ा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस वीडियो के जरिए उनकी मानहानि की गई थी। इसी शिकायत के आधार पर मामला अदालत तक पहुंचा।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पाया कि पहले जमानती वारंट जारी होने के बावजूद न तो ध्रुव राठी अदालत पहुंचे और न ही उनकी ओर से कोई वकील पेश हुआ। इससे पहले 17 अक्टूबर और 31 अक्टूबर को जमानती वारंट जारी किए गए थे। वहीं, वारंट की तामील कराने पहुंचे व्यक्ति ने बताया था कि गुरुग्राम स्थित उनके घर पर ताला लगा हुआ था। इसके बाद अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी करने का फैसला लिया। अब इस मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को निर्धारित की गई है।
गौर करने वाली बात यह है कि गैर-जमानती वारंट जारी होना दोष साबित होना नहीं है। यह अदालत में पेशी सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया कानूनी कदम है। अब देखना होगा कि अगली सुनवाई में ध्रुव राठी की ओर से क्या कदम उठाया जाता है।