पश्चिम चंपारण: नेपाल और बिहार में हो रही भारी बारिश के बीच नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बाढ़ के इस मौसम में अब जंगलों से निकलकर वन्यजीव और जहरीले सांप रिहायशी इलाकों का रुख करने लगे हैं। ऐसा ही एक रोंगटे खड़े कर देने वाला नजारा पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के विशाहा गांव में देखने को मिला जहां एक घर में अचानक 10 फीट लंबा विशालकाय कोबरा घुस गया।
पढ़ें :- भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर : सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई से किया इनकार, पहले हाई कोर्ट जाने को कहा
घर में रेंगता दिखा कोबरा, मच गई चीख-पुकार
विशाहा गांव के रहने वाले मुन्नी लाल के घर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब परिवार के सदस्यों ने एक भारी-भरकम और बेहद जहरीले कोबरा सांप को घर के अंदर रेंगते हुए देखा। 10 फीट लंबे सांप को देखते ही पूरे परिवार डर गया और लोग जान बचाकर बाहर की तरफ भागे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए। हर तरफ दहशत का माहौल था और किसी की हिम्मत सांप के करीब जाने की नहीं हो रही थी।
महिला सर्प मित्र का जिगरा,गले में दुपट्टे की तरह डाला कोबरा
इस खौफनाक स्थिति के बीच एंट्री हुई स्थानीय महिला सर्प मित्र जानकी देवी की। जानकी देवी ने बिना वक्त गंवाए गजब की सूझबूझ और बहादुरी का परिचय दिया। कोबरा इतना बड़ा था कि उसे काबू करना बेहद खतरनाक हो सकता था लेकिन जानकी देवी ने बड़ी ही सावधानी से सांप के फन को अपने हाथों से दबोच लिया। इसके बाद जो हुआ, उसे देख सबकी आंखें फटी की फटी रह गईं। जानकी देवी ने उस 10 फीट लंबे कोबरा को किसी दुपट्टे की तरह अपने गले में लपेट लिया और उसे लेकर सुरक्षित स्थान की ओर चल पड़ीं। उन्हें इस अंदाज में देखकर हर कोई दंग रह गया।
पढ़ें :- लालू यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत, चारा घोटाला मामले में जमानत बरकरार
वाल्मीकि नगर: विशाहा गांव में निकला 10 फीट लंबा कोबरा, महिला ने पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा। बरसात और बाढ़ के कारण आबादी की ओर बढ़ रहे हैं वन्यजीव#NBTBihar #ValmikiNagar #Cobra pic.twitter.com/a3r3jw0Qxi
— NBT Bihar (@NBTBihar) July 16, 2026
जंगल में सुरक्षित छोड़ा गया सांप, लोगों ने ली राहत की सांस
जानकी देवी की इस बहादुरी के बाद गांव वालों ने राहत की सांस ली। कोबरा को बिना कोई नुकसान पहुंचाए वाल्मीकिनगर के घने जंगलों में सुरक्षित छोड़ दिया गया है। इस रेस्क्यू ऑपरेशन की सबसे अच्छी बात यह रही कि न तो किसी इंसान को कोई चोट आई और न ही उस बेजुबान वन्यजीव को कोई नुकसान पहुंचा।