धर्म डेस्क, लखनऊ। छठ पूजा सूर्य देव और छठी मैया की उपासना के पर्व के साथ-साथ पति, संतान और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना से जुड़ी कई परंपराओं का भी प्रतीक है। इस दौरान सुहागिन महिलाओं के बीच एक विशेष परंपरा देखने को मिलती है। इस त्यौहार में महिलाएं अपनी मांग में सिंदूर लगाने के साथ नाक से लेकर मांग तक लंबा सिंदूर लगाती हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से पति की उम्र लंबी होती है और वैवाहिक जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है। लेकिन क्या इस परंपरा के पीछे कोई धार्मिक और वैज्ञानिक आधार भी है? आइए जानते है:-
पढ़ें :- लखनऊ में छठ महापर्व पर सार्वजनिक अवकाश, सभी स्कूल, कॉलेज, सरकारी और अर्ध सरकारी कार्यालय रहेंगे बंद
छठ पूजा में सिंदूर को सुहाग, सौभाग्य और अखंड वैवाहिक जीवन का प्रतीक माना जाता है। खासतौर पर बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई महिलाएं छठ के दौरान लंबा सिंदूर लगाती हैं। इसे पति के प्रति प्रेम, समर्पण और उनकी लंबी उम्र की कामना से जोड़कर देखा जाता है। लोगों के मान्यताओं के मुताबिक, नाक से मांग तक लंबा सिंदूर लगाना पति के प्रति अटूट प्रेम और अखंड सौभाग्य का प्रतीक है। हालांकि, अलग-अलग क्षेत्रों में इस परंपरा को निभाने के तरीके और इससे जुड़ी मान्यताएं भिन्न भी हो सकती हैं।
क्या सच में बढ़ती है पति की उम्र?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सिंदूर को पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना से जोड़ा जाता है। वहीं वैज्ञानिक दृष्टिकोण से ऐसा कोई प्रमाण उपलब्ध नहीं है कि नाक से मांग तक सिंदूर लगाने से पति की उम्र बढ़ती है। इसे धार्मिक आस्था और पारंपरिक विश्वास के रूप में ही देखना सही होगा।
महिलाएं छठ पूजा में पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ व्रत रखती हैं। ऐसे में लंबा सिंदूर लगाना उनके लिए सिर्फ श्रृंगार नहीं, बल्कि आस्था, प्रेम और पारिवारिक मंगलकामना का प्रतीक भी है।