तेहरान। आज सोमवार को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम यात्रा में राजधानी तेहरान की सड़कों पर लाखों लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। 10 किलोमीटर लंबे इस शोक जुलूस के दौरान भीड़ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ ‘किल ट्रंप’ और ‘किल बीबी’ के उग्र नारे लगाए।
पढ़ें :- US के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पहुंचे स्विट्जरलैंड, ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर होगी बातचीत
10 किमी लंबे जुलूस में उमड़ा जनसैलाब
तेहरान के इमाम हुसैन स्क्वायर से शुरू हुआ यह विशाल जुलूस आजादी स्क्वायर की ओर बढ़ रहा है। करीब 10 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस जनाजे में ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाखेर गालिबाफ, विदेश मंत्री अब्बास अराघची और खामेनेई के तीन बेटे मसूद, मेयसम और मुस्तफा सहित देश के तमाम बड़े राजनेता और सैन्य कमांडर शामिल हुए। इस दौरान ईरान के नवनियुक्त सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से इस यात्रा में दिखाई नहीं दिए।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल
अमेरिका की धमकियों के बावजूद, भारत और रूस सहित करीब 80 से 100 देशों के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल इस राजकीय विदाई समारोह में शामिल होने तेहरान पहुंचे हैं।
पढ़ें :- उप प्रधानमंत्री डार ने ईरान के विदेश मंत्री का किया स्वागत, शांति वार्ता को लेकर दोनों देशों के बीच होगी बातचीत
ट्रंप की ‘वन शॉट’ चेतावनी पर ईरान का पलटवार
आपको बता दे कि इस जनाजे में गूंज रहे अमेरिका विरोधी नारे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस विवादास्पद बयान के बाद आए हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिकी सेना अंतिम संस्कार के लिए जुटे ईरान के पूरे शीर्ष नेतृत्व को “एक ही झटके में (In One Shot)” खत्म कर सकती थी। ईरान ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि ट्रंप का बयान अमेरिकी बर्बरता को दर्शाता है। ईरान के अधिकारियों ने कहा कि अमेरिका सिर्फ इंसानों को मार सकता है, लेकिन इस्लामिक रिपब्लिक के आदर्शों को नहीं मिटा सकता।
आगे का कार्यक्रम और दफनाने की तारीख
अयातुल्ला खामेनेई का अंतिम संस्कार आने वाले कुछ दिनों तक कई पवित्र शहरों में जारी रहेगा। तेहरान के बाद उनके पार्थिव शरीर को ईरान के पवित्र शहर ‘कोम’ और फिर इराक के ‘नजफ व कर्बला’ ले जाया जाएगा। इसके बाद वहां पर विशेष प्रार्थनाएं होंगी। इसके बाद उन्हें 9 जुलाई 2026 को उनके जन्मस्थान मशहद में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।