सिंहेश्वर धाम में सावन की आखिरी सोमवारी पर उमड़ी भारी भीड़ अचानक बेकाबू होने से अफरा-तफरी मच गई। भगदड़ जैसे हालात में चार महिलाओं समेत 6 श्रद्धालु घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस-प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और सुरक्षा बढ़ा दी।
बिहार सिंहेश्वर धाम: सावन के आखिरी सोमवार को बिहार के प्रसिद्ध सिंहेश्वर धाम मंदिर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सुबह मंदिर के प्रवेश द्वार के पास श्रद्धालुओं की भीड़ अचानक बढ़ गई। भीड़ के दबाव में कई लोग गिर पड़े, जिससे भगदड़ जैसे हालात बन गए। घटना में चार महिलाओं समेत कुल छह श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सावन के आखिरी सोमवार पर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे थे। रविवार देर रात से ही मंदिर में भक्तों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। रात करीब एक बजे सरकारी पूजा के बाद मंदिर के कपाट खोले गए और श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक शुरू किया।
सोमवार सुबह करीब 6:25 से 7 बजे के बीच मंदिर के प्रवेश द्वार पर अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया। स्थिति बिगड़ने पर कई श्रद्धालु जमीन पर गिर गए और कुछ लोग उनके ऊपर गिर पड़े। इससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में तैनात पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने मोर्चा संभाला। स्थानीय संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस की मदद की। काफी मशक्कत के बाद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना के बाद मधेपुरा के डीएम, एसपी, एसडीएम और एसडीपीओ समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मंदिर परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है और श्रद्धालुओं का जलाभिषेक जारी है। गौरतलब है कि इससे पहले सावन के सोमवार पर लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भी भगदड़ की घटना सामने आई थी, जिसमें सात श्रद्धालुओं की मौत हुई थी।