हिस्ट्री रिपीट करेंगे... हिस्ट्री डिफीट करेंगे टीम इंडिया के फैंस के लिए यह नारा सबसे बड़ा मंत्र बन गया है। मतलब साफ है। हिस्ट्री रिपीट करेंगे और हिस्ट्री डिफीट करेंगे मतलब? कोई भी डिफेंडिंग चैंपियन वर्ल्ड कप नहीं जीता है, तो इस बार टीम इंडिया हिस्ट्री डिफीट करेगी और चौबीस (2024) की हिस्ट्री रिपीट करेगी।
नई दिल्ली। हिस्ट्री रिपीट करेंगे… हिस्ट्री डिफीट करेंगे टीम इंडिया (Team India) के फैंस के लिए यह नारा सबसे बड़ा मंत्र बन गया है। मतलब साफ है। हिस्ट्री रिपीट करेंगे और हिस्ट्री डिफीट करेंगे मतलब? कोई भी डिफेंडिंग चैंपियन वर्ल्ड कप नहीं जीता है, तो इस बार टीम इंडिया हिस्ट्री डिफीट करेगी और चौबीस (2024) की हिस्ट्री रिपीट करेगी।
बता दें कि टी20 विश्व कप के इतिहास में 2024 तक हर बार ऐसा देखने को मिला है कि मेजबान या सह-मेजबान टीम खिताब जीतने में असफल रही है। इस बार भी सह-मेजबान श्रीलंका का सफर सुपर-8 में खत्म हो गया। अब सवाल यह है कि क्या भारत इस तिलिस्म को तोड़ पाएगा? भारतीय टीम फाइनल तक पहुंच चुकी है और अगर वह खिताब जीतने में सफल रहती है, तो टी20 विश्व कप के इतिहास में पहली बार कोई मेजबान टीम ट्रॉफी अपने नाम करेगी।
टी20 विश्वकप 2026 (T20 world cup 2026) का फाइनल मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला शाम सात बजे शुरू होगा और टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम साढ़े छह बजे होगा। टीम इंडिया के सामने बड़ी चुनौती होगी, क्योंकि टी20 विश्वकप के 19 साल के इतिहास में कभी मेजबान टीम चैंपियन नहीं बनी है।
इसे आप टी20 विश्व कप (T20 world cup ) का श्राप कहें या दुर्भाग्य कहें या फिर तिलिस्म, जो अब तक नहीं टूट सका है। हालांकि, अगर टीम इंडिया चैंपियन बनती है तो यह तिलिस्म भी टूट जाएगा। अगर ऐसा हुआ तो टी20 विश्वकप के 19 साल के इतिहास में पहली बार कोई मेजबान देश चैंपियन बनेगा। आइए अब तक टी20 विश्वकप रिकॉर्ड के बारे में जानते हैं-
2007 T20 World Cup : टी20 विश्वकप के पहले संस्करण यानी 2007 में दक्षिण अफ्रीका मेजबान था, लेकिन टीम सुपर-8 राउंड से ही बाहर हो गई थी। भारत ने पाकिस्तान को हराकर फाइनल और खिताब अपने नाम किया था।
2009 T20 World Cup : इंग्लैंड 2009 में टी20 विश्वकप का मेजबान था। हालांकि, टीम सुपर-8 राउंड में खराब प्रदर्शन के बाद बाहर हो गई थी। पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया था।
2010 T20 World Cup : वेस्टइंडीज ने 2010 में टी20 विश्वकप की मेजबानी की थी। हालांकि, स्टार्स से सजी टीम सुपर-8 में ही हारकर बाहर हो गई थी। इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर खिताब अपने नाम किया था।
2012 T20 World Cup : श्रीलंका को 2012 में टी20 विश्वकप की मेजबानी दी गई थी। संगकारा और जयवर्धने जैसे स्टार्स से सजी टीम फाइनल में तो पहुंची, लेकिन वेस्टइंडीज के हाथों हार मिली। 2026 में भारत से पहले सिर्फ श्रीलंका ही ऐसी टीम है, जो मेजबान होते हुए फाइनल में पहुंच पाई है।
2014 T20 World Cup : बांग्लादेश को 2014 में टी20 विश्वकप की मेजबानी मिली थी। हालांकि, टीम सुपर-10 में ही हारकर बाहर हो गई थी। श्रीलंका और भारत फाइनल में पहुंचे और श्रीलंका की टीम ने भारत को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था।
2016 T20 World Cup : भारत को 2016 टी20 विश्वकप की मेजबानी मिली थी। टीम सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज से हारकर बाहर हो गई थी। बाद में वेस्टइंडीज टीम ही चैंपियन बनी थी। उसने फाइनल में इंग्लैंड को शिकस्त दी थी।
2021 T20 World Cup : 2021 में पहले तो भारत मेजबान था, लेकिन कोविड की वजह से यूएई और ओमान में मैचों को शिफ्ट किया गया। यूएई और ओमान की टीमें ग्रुप स्टेज में ही हारकर बाहर हो गई थीं। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था।
2022 T20 World Cup : ऑस्ट्रेलिया को 2022 टी20 विश्वकप की मेजबानी मिली, लेकिन टीम सुपर-12 राउंड से ही बाहर हो गई। फाइनल में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था।
2024 T20 World Cup : वेस्टइंडीज और अमेरिका को 2024 टी20 विश्वकप की मेजबानी मिली थी। हालांकि, दोनों टीमें सुपर-8 राउंड में ही हारकर बाहर हो गई थी। फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था।
2026 T20 World Cup : इस बार भारत और श्रीलंका मेजबान हैं। हालांकि, श्रीलंका की टीम सुपर-8 राउंड में बाहर हो गई। वहीं, भारत श्रीलंका के बाद बतौर मेजबान फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनी है। भारत के पास इस तिलिस्म को तोड़ने का मौका है। अगर टीम चैंपियन बनी तो इतिहास रच देगी।