मानसून में बच्चों के भोजन को लेकर सरकारी विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन (MDM) योजना में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। इस दौरान अब विद्यालयों में बच्चों को भिंडी, बैंगन, सभी प्रकार के पत्तेदार साग तथा पत्ता गोभी की सब्जीयां नहीं दी जाएगी।
बेतिया। मानसून में बच्चों के भोजन को लेकर सरकारी विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन (MDM) योजना में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। इस दौरान अब विद्यालयों में बच्चों को भिंडी, बैंगन, सभी प्रकार के पत्तेदार साग तथा पत्ता गोभी की सब्जीयां नहीं दी जाएगी। MDM के निदेशक विनायक मिश्रा ने बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखकर इन सब्जियों के उपयोग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का निर्देश जारी किया है।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (MDM) कुमकुम पाठक ने बताया कि विभागीय आदेश से सभी प्रधानाध्यापकों को इसकी जानकारी दे दी गई है कि बरसात के मौसम में किसी भी परिस्थिति में भिंडी, बैंगन, पत्तेदार साग और पत्ता गोभी का उपयोग मध्याह्न भोजन में नहीं किया जाए। क्योंकि बरसात के समय में इन सब्जियों में संक्रमण, कीटाणुओं और फफूंद पनपने की आशंका अधिक रहती है। जिससे फूड प्वाइजनिंग होने की संभावना है।
खाद्य सामग्री और स्वच्छता पर रहेगी कड़ी नजर
इसके अलावा सभी विद्यालयों को अनाज, दाल, मसाले समेत सभी खाद्य पदार्थों का उपयोग करने से पहले उनकी गुणवत्ता की जांच करना अनिवार्य होगा। साथ ही डिब्बाबंद खाद्य सामग्री का उपयोग एक्सपायरी डेट जांच करने के बाद किया जाएगा। साथ ही खाद्य सामग्री को नमी से बचाने और उचित भंडारण व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। इसके अलावा विद्यालय परिसर, रसोईघर, बर्तन, पेयजल स्रोत और शौचालय की नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं। बच्चों को भोजन परोसने से पहले हाथ साबुन से धुलवाना अनिवार्य होगा।