बसपा ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद आज सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र स्थित सौराणा गांव में जनसभा करेंगे। जनसभा के जरिए संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए सक्रिय करने पर जोर रहेगा।
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद आज सहारनपुर पहुंच रहे हैं। वह नकुड़ विधानसभा क्षेत्र के सौराणा गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
आकाश आनंद की जनसभा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। नीली टोपी और बसपा के झंडों के साथ समर्थक जनसभा में शामिल होने पहुंच रहे हैं।
बसपा जिलाध्यक्ष रजनीश बंधु के मुताबिक, यह नकुड़ विधानसभा क्षेत्र का सम्मेलन है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ से कार्यकर्ता और समर्थक कार्यक्रम में पहुंच रहे हैं। उनके अनुसार, जनसभा में करीब 40 से 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।
आकाश आनंद के इस कार्यक्रम को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के क्रम में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि वह अपने संबोधन में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी चुनाव की रणनीति से जुड़े मुद्दों पर बात कर सकते हैं।
सहारनपुर की इस जनसभा के जरिए बसपा कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरने की कोशिश करेगी। अब सबकी नजरें आकाश आनंद के भाषण पर टिकी हैं। उनके संबोधन से यह संकेत मिल सकता है कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच उतरने की तैयारी कर रही है।