छठ घाट निर्माण में जुटे व्यापार मंडल अध्यक्ष बबलू सिंह और बैजू यादव, रोहिन नदी के तट पर तेज हुई तैयारियां, श्यामकाट में छठ घाट को दिया जा रहा अंतिम रूप, साफ-सफाई से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं तक की व्यवस्था में जुटे लोग
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर आदर्श नगर पंचायत सोनौली में तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रोहिन नदी के श्यामकाट तट पर छठ घाट को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।
इस क्रम में व्यापार मंडल सोनौली के नगर अध्यक्ष अजय उर्फ बबलू सिंह और पूर्व सपा चेयरमैन प्रत्याशी बैजू यादव ने विशेष पहल करते हुए रोहिन नदी के दक्षिणी ढलान पर छठ घाट तैयार कराने की जिम्मेदारी संभाली है। दोनों की देखरेख में घाट की साफ-सफाई, जमीन को समतल करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। घाट निर्माण और व्यवस्था को लेकर दोनों की सक्रियता से तैयारियों को गति मिल रही है।
वहीं, छठ सेवा समिति एवं हनुमान सेवा समिति सोनौली के सदस्य भी श्यामकाट स्थित रोहिन नदी के तट पर घाट को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। छठ महापर्व पर यहां बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। ऐसे में घाट की साफ-सफाई, सुगम पहुंच और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है।
घाट निर्माण एवं तैयारियों के दौरान प्रवीण मद्धेशिया, नीरज गुप्ता, सभासद राजकुमार नायक, गंगा प्रजापति, सुनील सिंह, अशोक जायसवाल सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
छठ पर्व से पहले रोहिन नदी के तट पर शुरू हुई तैयारियों ने सोनौली में पर्व का माहौल बना दिया है। अब श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाओं के साथ छठ महापर्व संपन्न कराने की दिशा में स्थानीय लोगों और समितियों की सक्रियता देखने को मिल रही है।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट
