ITO इलाके में रविवार रात हुए सड़क हादसे में छह लोग घायल हो गए। हादसे की खास बात यह रही कि आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अनिल झा और बीजेपी विधायक अभय पाटिल दोनों एक ही इनोवा SUV में सवार थे। पुराने पुलिस मुख्यालय के सामने PWD ऑफिस के पास करीब रात 9:30 बजे इनोवा और स्विफ्ट कार की टक्कर हुई...
दिल्ली : ITO इलाके में रविवार रात हुए सड़क हादसे में छह लोग घायल हो गए। हादसे की खास बात यह रही कि आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अनिल झा और बीजेपी विधायक अभय पाटिल दोनों एक ही इनोवा SUV में सवार थे। पुराने पुलिस मुख्यालय के सामने PWD ऑफिस के पास करीब रात 9:30 बजे इनोवा और स्विफ्ट कार की टक्कर हुई। हादसे के बाद घायलों को लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार सभी को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत स्थिर है। दोनों विधायक भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हैं।
टक्कर के बाद सड़क पर बिखरा कार का मलबा
हादसा इतना जोरदार था कि स्विफ्ट का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इनोवा के फ्रंट हिस्से को भी काफी नुकसान पहुंचा। टक्कर के बाद वाहनों के टूटे हुए हिस्से सड़क पर फैल गए जिससे कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। सूचना मिलने पर आईपी एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने के बाद यातायात को सामान्य कराया गया।
पुलिस के मुताबिक कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के अनुसार 32 वर्षीय आशुतोष पांडे अपनी स्विफ्ट से लक्ष्मी नगर की तरफ से ITO की ओर आ रहे थे। उनकी कार पहले डिवाइडर से टकराई। इसके बाद वह रेलिंग पार करके दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही इनोवा से भिड़ गई। स्विफ्ट में आशुतोष के अलावा उनकी पत्नी और दो नाबालिग बच्चे भी मौजूद थे। दूसरी ओर, इनोवा में किराड़ी से AAP विधायक अनिल झा,कर्नाटक के बेलगावी दक्षिण से भाजपा विधायक अभय पाटिल और अन्य लोग सवार थे।
ड्राइवर ने सुनाई हादसे की अलग कहानी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ITO की रेड लाइट से दाईं ओर मुड़े थे और उस समय उनकी गाड़ी की रफ्तार करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटा थी। उनका दावा है कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक गाड़ी ने उनकी कार को टक्कर मारी। उन्होंने बताया कि टक्कर के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे उन्हें ज्यादा चोट नहीं लगी। हादसे के बाद वह खुद को संभालने में लगे थे, इसलिए दूसरी गाड़ी में कौन लोग सवार थे, यह वह नहीं देख सके।
कौन हैं हादसे में घायल दोनों विधायक?
अनिल झा किराड़ी विधानसभा सीट से AAP के विधायक हैं। 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी के बजरंग शुक्ला को 21,871 वोटों के अंतर से हराया था। अभय पाटिल कर्नाटक की बेलगावी दक्षिण विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक हैं। 2023 में उन्होंने लगातार चौथी बार इस सीट से जीत दर्ज की थी। इससे पहले भी वह अलग-अलग कार्यकाल में विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए दोनों वाहनों की स्थिति और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।