1. हिन्दी समाचार
  2. फूड
  3. Easy Dessert Recipe: न मावा न घी, त्योहार पर घर में बनाएं ऐसे मूंग दाल की बर्फी, बिना झंझट मिनटों में होगा तैयार

Easy Dessert Recipe: न मावा न घी, त्योहार पर घर में बनाएं ऐसे मूंग दाल की बर्फी, बिना झंझट मिनटों में होगा तैयार

त्योहारों पर इस बार घर पर बिना मावा, घी और मिल्क पाउडर के मूंग दाल की स्वादिष्ट बर्फी बनाएं। इस आसान रेसिपी में दाल को भिगोने की भी जरूरत नहीं, बस कुछ आसान स्टेप्स में बर्फी तैयार हो जाएगी।

By Kalpna Pandey 
Updated Date

Easy Dessert Recipe: त्योहारों का मौसम आते ही घरों में मिठाइयों की तैयारी शुरू हो जाती है। अगर आप इस बार बाजार की मिठाई के बजाय घर पर कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो मूंग दाल की बर्फी ट्राई कर सकते हैं। खास बात यह है कि इस रेसिपी में मावा, घी या मिल्क पाउडर की जरूरत नहीं पड़ती और दाल को घंटों भिगोने की झंझट भी नहीं है।

पढ़ें :- उकडीचे मोदक: गणेश चतुर्थी पर बप्पा को लगाएं उकडीचे मोदक का भोग, आसान है रेसिपी

 

मूंग दाल बर्फी के लिए सामग्री

इस मिठाई को बनाने के लिए नीचे दी हुई इन सामग्रियों की जरूरत होगी-

  • एक कप मूंग दाल
  • एक कप ताजी मलाई
  • एक कप पिसी चीनी
  • 15-20 केसर के धागे
  •  छोटी इलायची और कटे हुए काजू-बादाम

 

ऐसे तैयार करें बर्फी

सबसे पहले मूंग दाल को अच्छे से धुलकर साफ गीले कपड़े से पोंछ लें ताकि उसका सारा पानी सूख जाए। अब कढ़ाई गर्म करके दाल को धीमी-मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। जब दाल का रंग हल्का भूरा होने लगे और खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें। दाल ठंडी होने के बाद इसे मिक्सर में बारीक पीसकर छलनी से छान लें ताकि उसमें बचीं गांठे अलग हो जाए।

अब कढ़ाई में ताजी मलाई डालकर हल्का गर्म करें। इसमें केसर डालें और फिर पिसी हुई मूंग दाल मिलाकर अच्छी तरह भूनें। इसके बाद पिसी हुई चीनी और कुटी इलायची डालकर मिश्रण को धीमी आंच पर लगातार तबतक चलाते रहें, जब तक यह गाढ़ा होकर बर्फी जमाने लायक न हो जाए।

तैयार मिश्रण को चिकनी की गई थाली या ट्रे में फैलाएं। ऊपर से कटे काजू-बादाम डालकर हल्का दबा दें। फिर इसे ठंडा होने के बाद करीब एक घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। जमने पर मनचाहे आकार में काटें और परोसें। घर पर बनी यह मिठाई त्योहारों के लिए एक आसान विकल्प के साथ स्वाद और पोषण से भरपूर होगी।  नमी से बचाते हुए मिठाई को फ्रिज में एयरटाइट कंटेनर में 8-10 दिन तक आराम से स्टोर कर सकते हैं।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...