Gorakhpur:पासपोर्ट ऑफिस में बेलगाम वेरिफिकेशन सिस्टम! दूसरे फ्लोर का काउंटर बना आतंक, कर्मचारी नहीं करते ठीक से बात—आवेदक त्रस्त
Gorakhpur : गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रोड पर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र पर दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया इन दिनों आवेदकों के लिए सिरदर्द बन चुकी है। खासकर दूसरे फ्लोर पर बनाए गए काउंटर C और B पर तैनात कर्मचारियों की कार्यशैली को लेकर भारी नाराज़गी सामने आई है।
पीड़ित आवेदक दीपक, विजय, अजय और रमेश ने बताया कि इन काउंटरों पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन करने वाले कर्मचारी आवेदकों से ठीक से बात तक नहीं करते। जरूरत पड़ने पर मार्गदर्शन देने के बजाय उन्हें डांट-फटकार कर भगा दिया जाता है। कई आवेदकों ने इस बात की शिकायत की कि छोटे-छोटे मुद्दों को जानबूझकर बड़ा बना दिया जाता है, जिससे लोग मजबूर होकर दोबारा चक्कर लगाने के लिए विवश हो जाते हैं।
आवेदकों ने यह भी आरोप लगाया कि
“दूसरे फ्लोर पर बैठे कर्मचारी यह भूल जाते हैं कि हम लोग सेवा लेने आए हैं, भीख मांगने नहीं। पूछने पर सही जवाब नहीं मिलता, और बदतमीजी से पेश आते हैं।”
लोगों का कहना है कि पासपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज़ के लिए कार्यालय का यह रवैया बिल्कुल अस्वीकार्य है। आवेदकों ने मांग की है कि
“समय-समय पर इस कार्यालय की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि मनमानी पर रोक लग सके और आम जनता को राहत मिले।”
स्थानीय नागरिकों ने विदेश मंत्रालय और प्रशासन से हस्तक्षेप कर व्यवस्था सुधारने तथा काउंटरों पर तैनात कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।