आम आदमी पार्टी शिक्षक प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने योगी आदित्यनाथ सरकार से मांग की है कि यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य ईद-उल-फितर के बाद शुरू कराया जाए, ताकि शिक्षक अपने धार्मिक पर्व को सम्मानपूर्वक मना सकें।
लखनऊ। आम आदमी पार्टी शिक्षक प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने योगी आदित्यनाथ सरकार से मांग की है कि यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य ईद-उल-फितर के बाद शुरू कराया जाए, ताकि शिक्षक अपने धार्मिक पर्व को सम्मानपूर्वक मना सकें।
महेंद्र सिंह ने कहा कि जिस प्रकार हिंदू समाज के लिए होली और दीवाली अत्यंत महत्वपूर्ण और बड़े पर्व होते हैं, उसी प्रकार मुस्लिम समाज के लिए ईद भी बेहद पवित्र और महत्वपूर्ण त्योहार है। सरकार का दायित्व है कि वह सभी धर्मों और समुदायों की भावनाओं का समान रूप से सम्मान करे और ऐसा कोई निर्णय न ले जिससे किसी समुदाय को अपने त्योहार मनाने में असुविधा हो।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा मूल्यांकन कार्य 18 मार्च से शुरू कराने की तैयारी की जा रही है, जबकि इसी अवधि में 20 मार्च को अलविदा जुमे की नमाज और 21 मार्च को ईद-उल-फितर का महत्वपूर्ण पर्व पड़ रहा है। मूल्यांकन कार्य के दौरान अक्सर सार्वजनिक अवकाश भी निरस्त कर दिए जाते हैं और रविवार को भी कॉपियों की जांच कराई जाती है। ऐसी स्थिति में हजारों शिक्षक, विशेषकर मुस्लिम शिक्षक, अपने सबसे बड़े धार्मिक पर्व को परिवार और समाज के साथ पूरी तरह से नहीं मना सकेंगे। यह शिक्षकों की भावनाओं की अनदेखी है और सामाजिक समरसता की दृष्टि से भी उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी सामाजिक एवं धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है। इसलिए सरकार को व्यावहारिक निर्णय लेते हुए यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य ईद के बाद शुरू कराने का निर्णय लेना चाहिए, ताकि सभी शिक्षक अपने त्योहार को हर्षोल्लास के साथ मना सकें और मूल्यांकन कार्य भी बेहतर ढंग से संपन्न हो सके।