कांग्रेस सांसद प्रतिभा धनोरकर ने रैली के दौरान बदसलूकी के बीजेपी के आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि सांसद श्याम बड़वे उनके बड़े भाई जैसे हैं और बस में हंसी-मजाक चल रहा था। इस मामले को लेकर अब बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी विवाद तेज हो गया है।
Congress Rally: कांग्रेस की महिला सांसद प्रतिभा धनोरकर के साथ कथित बदसलूकी को लेकर शुरू हुआ सियासी विवाद अब नया मोड़ ले चुका है। बीजेपी की ओर से लगाए गए आरोपों पर खुद प्रतिभा धनोरकर ने सामने आकर सफाई दी है। उन्होंने साफ कहा कि उनके साथ कोई बदसलूकी नहीं हुई और न ही उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से इस मामले में कोई शिकायत की है। सांसद ने पूरे मामले को झूठा और बेबुनियाद बताया है।
दरअसल, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की महारैली आयोजित की गई थी। इसी दौरान बस में सफर करते समय प्रतिभा धनोरकर और कांग्रेस सांसद श्याम बड़वे के बीच कथित बदसलूकी का मामला सामने आया। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने दावा किया कि कांग्रेस की महिला सांसद के साथ उनकी ही पार्टी के सांसद ने गलत व्यवहार किया। बीजेपी की ओर से यह भी कहा गया कि इस मामले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को शिकायत भेजी गई है। इस मुद्दे को लेकर बीजेपी ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधा। पार्टी ने कांग्रेस के महिला सुरक्षा से जुड़े दावों पर सवाल उठाए।
हालांकि, प्रतिभा धनोरकर ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बस में सभी सांसद आपस में हंसी-मजाक कर रहे थे। इसी सामान्य बातचीत और मजाक को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने कहा कि श्याम बड़वे उनके बड़े भाई जैसे हैं। उन्होंने मजाक में हाथ लगाया था, लेकिन इस बात को बदसलूकी का रूप देना गलत है। सांसद ने स्पष्ट किया कि उन्होंने इस संबंध में कोई शिकायत नहीं की है।
प्रतिभा धनोरकर ने शिकायत वाले ई-मेल को भी बेबुनियाद बताया। उन्होंने आशंका जताई कि किसी विरोधी ने साजिश के तहत यह ई-मेल करवाया हो सकता है। साथ ही मीडिया के एक वर्ग पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उनसे पुष्टि किए बिना खबर चलाई गई।