खाड़ी देशों में युद्ध का असर नोएडा और ग्रेटर नोएडा (Noida-Greater Noida) में दिखने लगा है। रविवार को कई पेट्रोल पंपों (Petrol Pumps) पर ईंधन नहीं पहुंचा। जिस कारण कई जगह पेट्रोल खत्म हो गया। पंप संचालकों ने कंपनियों से संपर्क किया तो वहां से सोमवार तक ईंधन की गाड़ियां आने का दावा किया है।
नई दिल्ली। खाड़ी देशों में युद्ध का असर नोएडा और ग्रेटर नोएडा (Noida-Greater Noida) में दिखने लगा है। रविवार को कई पेट्रोल पंपों (Petrol Pumps) पर ईंधन नहीं पहुंचा। जिस कारण कई जगह पेट्रोल खत्म हो गया। पंप संचालकों ने कंपनियों से संपर्क किया तो वहां से सोमवार तक ईंधन की गाड़ियां आने का दावा किया है। वहीं जिला आपूर्ति विभाग (District Supply Department) के अफसरों का कहना है कि ईंधन की कमी नहीं है, लेकिन ट्रांसपोर्ट की परेशानी आ सकती है। कंपनियों ने आपूर्ति सामान्य होने का आश्वासन दिया है।
ईरान और अमेरिका-इस्राइल युद्ध (Iran-US-Israel War) के कारण कच्चे तेल के दाम बढ़ रहे हैं। इस कारण काफी देशों में पेट्रोल और डीजलों की कीमतों में वृद्धि की गई है। भारत में भी वृद्धि होने की आशंका है। इसके डर के कारण शनिवार को काफी पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लाइन लगी रही। लोगों ने कार का टैंक फुल करवाया है।
जिले के कई पंपों पर पेट्रोल खत्म
एक पंट्रोल पंप के संचालक ब्रिजेश कुमार ने बताया कि लोगों की मारामारी के कारण देर रात की पेट्रोल खत्म हो गया। जिले में कई पंप पर पेट्रोल नहीं रहा। वहीं रविवार को पेट्रोल की गाड़ी नहीं आई। इस कारण पूरे दिन पंपों पर पेट्रोल की बिक्री नहीं हो सकी। वाहन चालकों को वापस भेजा गया।
सोमवार को पेट्रोल आपूर्ति का आश्वासन
उन्होंने बताया कि गाजियाबाद में भी कुछ पंपों पर पेट्रोल खत्म हो गया है। पेट्रोलियम कंपनियों ने कोई ठोस कारण नहीं बताया है। सोमवार तक पेट्रोल की आपूर्ति होने का आश्वासन दिया है। वहीं प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृर्ति गौतम का कहना है कि पेट्रोल की कीमत बढ़ने की आशंका से कंपनियों ने इनकार किया है। उनके पास ईंधन भी पर्याप्त मात्रा में है। केवल ट्रांसपोर्ट की दिक्कत आई है। उससे आपूर्ति बाधित नहीं होने का दावा किया है।