नौतनवा में अधिवक्ता से कथित दुर्व्यवहार पर बवाल, कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नौतनवा तहसील क्षेत्र में अधिवक्ता के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। एसोसिएशन संगठन नौतनवा के सदस्य अधिवक्ता रामरतन यादव के साथ संपत्तिहां पुलिस चौकी के कुछ पुलिस कर्मियों द्वारा कथित अभद्रता किए जाने से अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।
घटना के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में अधिवक्ता तहसील परिसर में एकत्र हुए और जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने तहसीलदार नौतनवा को ज्ञापन सौंपते हुए दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 की सुबह लगभग 9:30 बजे अधिवक्ता रामरतन यादव अपने दिव्यांग चाचा को दोपहिया वाहन से इलाज के लिए संपत्तिहां बाजार ले जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में संपत्तिहां पुलिस चौकी के कुछ पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय अधिवक्ताओं में रोष फैल गया।
सोमवार को हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। अधिवक्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कहा कि दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
संघ के अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, कनिष्ठ उपाध्यक्ष नागेंद्र शुक्ला सहित अन्य अधिवक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि अधिवक्ता के साथ इस प्रकार का व्यवहार पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने प्रशासन से मामले का शीघ्र संज्ञान लेकर न्यायोचित कार्रवाई करने की मांग की।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट