सूरत की डिस्पोजल साइट पर एक बार फिर भीषण आग लग गई। आग बुझाने के लिए 10 से अधिक फायर टीमों को तैनात किया गया है। JCB की मदद से कचरा हटाकर उस पर पानी डाला जा रहा है, लेकिन अंदर सुलगती आग बार-बार भड़क रही है।
सूरत। गुजरात के सूरत में खजोद स्थित महानगरपालिका की डिस्पोजल साइट पर एक बार फिर भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। कचरे में मौजूद हॉटफिक्स के बड़े ढेर में आग लगने से कुछ ही देर में लपटें तेज हो गईं। आसमान में उठता काले धुएं का गुबार करीब आधा किलोमीटर तक फैल गया, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, डिस्पोजल साइट पर हॉटफिक्स के ढेर में अचानक आग लगी। इसकी ज्वलनशील प्रकृति और बड़ी मात्रा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। घटना की सूचना मिलते ही सूरत महानगरपालिका के फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
आग पर काबू पाने के लिए 10 से अधिक फायर टीमों को तैनात किया गया है। दमकलकर्मी अलग-अलग दिशाओं से पानी की बौछार कर रहे हैं। हालांकि, कचरे के बड़े और गहरे ढेर के कारण आग बुझाने में मुश्किलें आ रही हैं। कचरे के भीतर सुलग रही आग बार-बार भड़क रही है।
आग बुझाने के लिए JCB की मदद से कचरे को हटाया जा रहा है। बाहर निकाले जा रहे कचरे पर लगातार पानी डाला जा रहा है, ताकि आग को फैलने से रोका जा सके।
खजोद डिस्पोजल साइट पर बार-बार आग लगने की घटनाओं ने महानगरपालिका की कचरा प्रबंधन व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि ज्वलनशील और औद्योगिक कचरा सामान्य कचरे के साथ साइट तक कैसे पहुंच रहा है और आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं हैं।
हालांकि आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। दमकल विभाग की टीमें आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हैं।