1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बरेली में चाइनीज मांझे से गन्ना राज्यमंत्री के 15 वर्षीय भतीजे की गर्दन कटी, हालत गंभीर

बरेली में चाइनीज मांझे से गन्ना राज्यमंत्री के 15 वर्षीय भतीजे की गर्दन कटी, हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश के बरेली में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे ने एक बार फिर बड़ा हादसा कर दिया। इस बार गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार के 15 वर्षीय भतीजे आदित्य वीर सिंह गंगवार इसकी चपेट में आ गए…

By Harsh Gautam 
Updated Date

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे ने एक बार फिर बड़ा हादसा कर दिया। इस बार गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार के 15 वर्षीय भतीजे आदित्य वीर सिंह गंगवार इसकी चपेट में आ गए। हादसा शहर के व्यस्त श्यामगंज फ्लाईओवर पर हुआ, जहां स्कूटी से जा रहे आदित्य की गर्दन अचानक चाइनीज मांझे से कट गई।

पढ़ें :- लखनऊ में लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट, युवती की मौत, एक युवक गंभीर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आदित्य स्कूटी से स्टेडियम की ओर जा रहा था। इसी दौरान फ्लाईओवर पर हवा में लटका चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में फंस गया। जब तक वह कुछ समझ पाता, तब तक मांझे से उसकी गर्दन पर गहरा घाव हो चुका था। गंभीर रूप से घायल आदित्य सड़क पर गिर पड़ा और उसके शरीर से काफी खून बहने लगा।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे पास के निजी अस्पताल पहुंचाया और परिवार को सूचना दी। डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार आदित्य की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है और उस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

आदित्य के पिता अजय सिंह गंगवार पीलीभीत के ललौरी खेड़ा ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख हैं, जबकि उनकी मां सीमा गंगवार रेलवे विभाग में अधिकारी हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार अपना कार्यक्रम छोड़कर बरेली पहुंचे और अस्पताल में भतीजे का हालचाल जाना।

अस्पताल में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री ने चाइनीज मांझे की बिक्री पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सरकार पहले ही इस पर प्रतिबंध लगा चुकी है, फिर भी बाजार में इसकी उपलब्धता गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने और यह पता लगाने की मांग की कि प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा बाजार तक कैसे पहुंच रहा है।

पढ़ें :- राम मंदिर चढ़ावा विवाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, CBI जांच और FIR की मांग वाली याचिका दाखिल

गौरतलब है कि बरेली समेत प्रदेश के कई जिलों में चाइनीज मांझे की वजह से पहले भी कई दर्दनाक हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद इसकी बिक्री पूरी तरह नहीं रुक सकी है। ताजा घटना के बाद एक बार फिर प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए हैं।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...