उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ,व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: देश-दुनिया में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का चार दिवसीय अनुष्ठान मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। इस दौरान घाटों पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने व्रत का पारण कर पूजा का समापन किया।
छठ व्रतियों ने किया पारण
महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान शनिवार को नहाय-खाय के साथ आरंभ हुआ था। पहले दिन व्रतियों ने स्नान-ध्यान कर सूर्यदेव को जल से अर्घ्य दिया। रविवार को खरना के दिन पूरे दिन उपवास रख शाम को भगवान सूर्य का भोग लगाकर प्रसाद ग्रहण किया गया, जिसके बाद 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हुआ। सोमवार की शाम व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया, जबकि मंगलवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का समापन किया।
अर्घ्य के समय व्रतियों ने “ओम एहि सूर्य सहस्त्रांशो तेजोराशे जगत्पते, अनुकंपय माम् भक्तया गृहाणाघ्र्यम् दिवाकर” मंत्र का जाप करते हुए सूर्यदेव और छठी मइया से परिवार की कुशलता, सुख-समृद्धि, सौभाग्य और संतान की रक्षा का आशीर्वाद मांगा।
जनप्रतिनिधियों ने लिया पर्व का हाल
इस दौरान नौतनवा विधानसभा के विधायक ऋषि त्रिपाठी एवं नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण किया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा छठी मैया की पूजा-अर्चना कर नगरवासियों की समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
छठ पर्व को लेकर नगर के सभी घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र नौतनवा थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव के नेतृत्व में सभी घाटों पर पुलिस बल और महिला जवानों की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी लगातार गश्त करते रहे ताकि पर्व शांति और सौहार्द के माहौल में संपन्न हो सके।
नगर पालिका अध्यक्ष ने जताया आभार
शांतिपूर्ण माहौल में छठ पूजा सफलतापूर्वक संपन्न होने पर नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने पुलिस प्रशासन सहित नगर पालिका के समस्त कर्मचारियों और सफाईकर्मियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से नगर में यह महापर्व बिना किसी अव्यवस्था के संपन्न हुआ, जिसके लिए वे सभी को साधुवाद देते हैं।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट


