चंडीगढ़ के पॉश सेक्टर-9 में बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अज्ञात हमलावरों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात में जान गंवाने वाले शख्स की पहचान प्रीत नागरा के रूप में हुई है, जो न्यू चंडीगढ़ के मुल्लानपुर इलाके के कुबाहेरी के रहने वाले थे और पेशे से एक प्रॉपर्टी डीलर थे।
चंडीगढ़। चंडीगढ़ के पॉश सेक्टर-9 में बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अज्ञात हमलावरों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात में जान गंवाने वाले शख्स की पहचान प्रीत नागरा के रूप में हुई है, जो न्यू चंडीगढ़ के मुल्लानपुर इलाके के कुबाहेरी के रहने वाले थे और पेशे से एक प्रॉपर्टी डीलर थे।
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना करीब दोपहर 12 बजे की है। प्रीत नागरा सेक्टर-9 स्थित ‘बॉडी जोन’ जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल नागरा को पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। शुरुआती जांच में हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश या प्रॉपर्टी विवाद के एंगल से भी जांच कर रही है। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
रिपोर्ट : हर्ष गौतम