उत्तर प्रदेश के हापुड़ में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बारातियों से भरी बस को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 5 बारातियों समेत कुल 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा रात करीब 1:30 बजे धौलाना-गुलावठी रोड पर..
हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बारातियों से भरी बस को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 5 बारातियों समेत कुल 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा रात करीब 1:30 बजे धौलाना-गुलावठी रोड पर हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बारात गाजियाबाद के डासना से बुलंदशहर के गुलावठी गई थी और शादी के बाद वापस लौट रही थी। बस में कुल 13 बाराती सवार थे, जबकि अन्य लोग अलग-अलग वाहनों से पीछे आ रहे थे।
खड़ी बस से टकराया ट्रक, फिर पलटा
रिपोर्ट्स के अनुसार, लौटते वक्त बस सड़क किनारे खड़ी थी और रास्ता काफी संकरा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पहले सड़क की ढलान पर पलट गई, जिसके बाद बेकाबू ट्रक भी बस के ऊपर ही पलट गया। हादसे के बाद भारी ट्रक के नीचे दबकर बस बुरी तरह पिचक गई और उसकी छत उखड़कर अलग हो गई। अंदर बैठे कई बाराती फंस गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। पीछे आ रहे अन्य बारातियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। बस के शीशे तोड़कर कुछ लोगों को बाहर निकाला गया, जबकि कई लोगों को निकालने के लिए गैस कटर से बस को काटना पड़ा।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हादसा तेज रफ्तार और रात के अंधेरे के कारण हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक चालक की भी मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतकों में दूल्हे के पिता समेत कई रिश्तेदार शामिल हैं। सभी मृतक और घायल गाजियाबाद के डासना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। घायलों का इलाज पिलखुवा स्थित अस्पताल में चल रहा है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का विस्तृत पता लगाया जा रहा है।