1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ में लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट, युवती की मौत, एक युवक गंभीर

लखनऊ में लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट, युवती की मौत, एक युवक गंभीर

राजधानी के नगराम थाना क्षेत्र स्थित ग्राम देवती में सोमवार सुबह एक लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया…

By Harsh Gautam 
Updated Date

लखनऊ। राजधानी के नगराम थाना क्षेत्र स्थित ग्राम देवती में सोमवार सुबह एक लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब डेढ़ से दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद फैक्ट्री का भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास ईंट-पत्थर बिखर गए।

पढ़ें :- बरेली में चाइनीज मांझे से गन्ना राज्यमंत्री के 15 वर्षीय भतीजे की गर्दन कटी, हालत गंभीर

हादसे में 22 वर्षीय मारिया गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं मोहित नामक युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि मारिया फैक्ट्री संचालक की भांजी थीं।

जानकारी के अनुसार, विस्फोट मो. शफीक (26) की लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में हुआ। फैक्ट्री गांव से कुछ दूरी पर स्थित होने के कारण आसपास रिहायशी आबादी नहीं थी, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना के समय मोहित पास में जानवर चरा रहा था और पानी पीने के लिए फैक्ट्री के निकट पहुंचा था।

धमाके के बाद स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। राहत एवं बचाव कार्य के साथ आग पर भी काबू पा लिया गया। पुलिस अब विस्फोट के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह हादसा शाम के समय हुआ होता, जब लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, तो जनहानि कहीं ज्यादा हो सकती थी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

पढ़ें :- राम मंदिर चढ़ावा विवाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, CBI जांच और FIR की मांग वाली याचिका दाखिल

डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि नगराम क्षेत्र के ग्राम देवती में स्थित लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग पर नियंत्रण पा लिया गया है और विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...