1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. महाराष्ट्र: 8000 के पार पहुंची नए मरीजों की संख्या, दुनिया का चौथा संक्रमित देश बना भारत

महाराष्ट्र: 8000 के पार पहुंची नए मरीजों की संख्या, दुनिया का चौथा संक्रमित देश बना भारत

By Manali Rastogi 
Updated Date

नई दिल्ली: कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामलों ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है, जिसके चलते कोविड-19 दोबारा अपने आक्रामक रूप में आ चुका है। ऐसे में एक फिर से देश में कोविड-19 के मामलों में इजाफा होते हुए देखा जा रहा है। यही नहीं, कोरोना के नए मरीजों की संख्या आज महाराष्ट्र में 8 हजार पार कर चुकी है, जिसकी वजह से दिल्ली समेत पड़ोसी राज्यों की चिंता बढ़ गई है। बता दें कि महाराष्ट्र से बीते गुरुवार भी लगभग 9 हजार से ज्यादा नए मरीज मिले थे।

पढ़ें :- Manipur Violence Again : मणिपुर में देर रात भड़की हिंसा, उग्रवादियों के हमले में CRPF के दो जवान शहीद

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बुधवार को देश भर में कोरोना वायरस से 16 हजार 577 लोग संक्रमित मिले। 12 हजार 179 लोगों की बीते दिन रिकवरी हुई। 24 घंटे के दौरान 120 मरीजों की मौत भी हुई है। कोरोना संक्रमण अब तक 1 करोड़ 10 लाख 63 हजार 491 लोगों को अपनी चपेट में ले चुका है, जबकि 1 करोड़ 7 लाख 50 हजार 680 इससे ठीक भी हो चुके हैं। इस वायरस के कारण अब तक 1 लाख 56 हजार 825 मरीज अपनी जान भी गवां चुके हैं। वहीं, देश में अभी भी 1 लाख 55 हजार 986 एक्टिव केस मौजूद हैं।

बता दें कि एक बार फिर से भारत दुनिया का चौथा सबसे संक्रमित देश हो गया है क्योंकि यहां हर दिन मिलने वाले मरीजों के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इस मामले में भारत पिछले हफ्ते तक टॉप-10 देशों की सूची से भी बाहर था। मगर मरीजों की बढ़ती रफ्तार के बाद अब देश चौथे नंबर पर आ गया है। मालूम हो, पहले नंबर पर अमेरिका है। इसके बाद ब्राजील और फिर फ्रांस का नंबर है।

आपको बताते चलें कि कोरोना के मामले मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल, छत्तीसगढ़ और पंजाब में एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं, इन पांच राज्यों में बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार हरकत में आ गई है, जिसके बाद दिल्ली आपदा प्रबंधन विभाग (DDMA) ने भी कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।

ऐसे में अब मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल, छत्तीसगढ़ और पंजाब से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आने वाले लोगों को आरटी-पीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट दिखाना पड़ेगा। इसके बाद ही उन्हें दिल्ली में एंट्री मिलेगी। वहीं, कोविड-19 को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने भी सख्त नियम लागू कर दिए हैं। महाराष्ट्र सरकार ने बीते सोमवार से राज्य में भीड़-भाड़ वाले सारे राजनीतिक और धार्मिक कार्यक्रमों पर पाबंदी लगा दी है।

पढ़ें :- पूर्व सांसद धनंजय सिंह को जौनपुर से बरेली जेल में किया गया शिफ्ट

यही नहीं, मुख्यमंत्री का ये भी कहना है कि अगर इसी तरह कोरोना संक्रमण के मामलों में इजाफा होता रहा तो जल्द ही राज्य में फिर से लॉकडाउन लगाया जा सकता है। वैसे राज्य सरकार पहले ही अमरावती मंडल के 5 अन्य जिलों अमरावती, अकोला, वाशिम, बुल्ढाड़ा और यवतमाल में कई तरह की पाबंदियां लगा चुकी है।

महाराष्ट्र के अमरावती मंडल के इन पांच जिलों में सिर्फ जरूरी सामानों की दुकानें ही खुली हैं। इनके अलावा बाकी सारी दुकानें बंद रखने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थान भी फिलहाल के लिए बंद हैं। सुबह 9 से शाम 5 बजे तक ही लोगों को सामन खरीदने की छूट दी गई है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...