टीम इंडिया (Team India) के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह (Rinku Singh) और माधव कौशिक (Madhav Kaushik) के दमदार शतक की वजह से उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) 2026-27 के एलिट ग्रुप-ए के मुकाबले में बिहार (Bihar) को पारी और 267 रनों से बुरी तरह हरा दिया। रिंकू और माधव के शानदार प्रदर्शन के बाद यूपी के गेंदबाजों ने बिहार के बल्लेबाजों के बल्लों को पूरी तरह शांत रखा।
नई दिल्ली। टीम इंडिया (Team India) के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह (Rinku Singh) और माधव कौशिक (Madhav Kaushik) के दमदार शतक की वजह से उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) 2026-27 के एलिट ग्रुप-ए के मुकाबले में बिहार (Bihar) को पारी और 267 रनों से बुरी तरह हरा दिया। रिंकू और माधव के शानदार प्रदर्शन के बाद यूपी के गेंदबाजों ने बिहार के बल्लेबाजों के बल्लों को पूरी तरह शांत रखा। दोनों ही पारियों में बिहार की टीम 150 का आंकड़ा नहीं छू पाई।
रिंकू-माधव का दमदार प्रदर्शन
राजगीर में हुए इस मुकाबले में बिहार ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। बिहार का ये फैसला उसके लिए बहुत ही घातक साबित हुआ। सलामी बल्लेबाज कौशिक और नंबर-पांच पर उतरे रिंकू ने बिहार के गेंदबाजों की जमकर पिटाई की।
कौशिक ने सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 150 रन बनाए, जबकि रिंकू ने आठ चौकों और तीन छक्कों की बदौलत 112 रनों की शानदार पारी खेली। इसके अलावा, आराध्य यादव ने 84 और जीशान अंसारी ने 58 रनों का योगदान दिया, जिसकी वजह से यूपी ने पहली पारी में 540 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया।
यूपी के गेंदबाजों के आगे बिहार पस्त
यूपी के बड़े स्कोर का दबाव बिहार की बल्लेबाजी पर साफ दिखा। बिहार की पहली पारी सिर्फ 141 रनों पर सिमट गई। बिहार की ओर से सबसे बड़ी 25 रनों की पारी मंगल माहरोर ने खेली। यूपी की ओर से कार्तिक यादव और करन शर्मा ने चार-चार विकेट लिए। बिहार की दूसरी पारी सिर्फ 132 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस बार फिर टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन मंगल ने बनाए. उन्होंने पांच चौकों की मदद से 27 रन जड़े। यूपी की ओर से जीशान अंसारी ने चार विकेट लिए। वहीं, करन शर्मा ने तीन और कार्तिक यादव ने दो विकेट लिए।
बता दें कि यूपी अब अपना अगला मुकाबला 18 अक्तूबर को बड़ौदा के खिलाफ खेलेगा। टीम को एक बार फिर अनुभवी बल्लेबाज रिंकू और कौशिक से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।