भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव तारीख का ऐलान हो गया है। पार्टी के तरफ से जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 19 जनवरी को नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी, जबकि 20 जनवरी को मतदान और नतीजों की औपचारिक घोषणा की जाएगी। इस चुनाव प्रक्रिया में पार्टी के शीर्ष नेता सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
पटना। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव तारीख का ऐलान हो गया है। पार्टी के तरफ से जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 19 जनवरी को नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी, जबकि 20 जनवरी को मतदान और नतीजों की औपचारिक घोषणा की जाएगी। इस चुनाव प्रक्रिया में पार्टी के शीर्ष नेता सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) , गृह मंत्री अमित शाह (Home Minister Amit Shah) , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defence Minister Rajnath Singh) समेत संगठन और सरकार के कुल 10 वरिष्ठ नेता प्रस्तावक के तौर पर नामांकन पत्रों पर हस्ताक्षर करेंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि चुनाव की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और संगठनात्मक स्तर पर सहमति भी बन चुकी है। ऐसे में यह चुनाव औपचारिकता भर रह सकता है। सूत्रों के मुताबिक इस चुनाव में बिहार के वरिष्ठ नेता नितिन नबीन (Nitin Nabin) का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। नितिन नबीन (Nitin Nabin) वर्तमान में बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हैं और पार्टी संगठन के अंदर अपनी कार्यकुशलता और अनुभव के लिए पहचाने जाते हैं।
नितिन नबीन हैं प्रबल दावेदार
राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की दौड़ में बिहार सरकार के मंत्री और बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का नाम सबसे मजबूत माना जा रहा है। पार्टी के अंदर और बाहर यह चर्चा आम है कि यदि कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ तो 20 जनवरी को नितिन नबीन के नाम की घोषणा तय मानी जा रही है। नितिन नबीन को हाल ही में 15 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। पार्टी की परंपरा रही है कि कार्यकारी अध्यक्ष को बाद में पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। यही वजह है कि उनका नाम सबसे आगे चल रहा है।
सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की संभावना
अगर नितिन नबीन (Nitin Nabin) राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाते हैं तो वे भारतीय जनता पार्टी के इतिहास में इस पद पर पहुंचने वाले सबसे युवा नेताओं में शामिल होंगे। उनकी उम्र लगभग 45 वर्ष है और वे लंबे समय से संगठन और सरकार दोनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। बीजेपी नेतृत्व का मानना है कि आने वाले वर्षों में पार्टी को ऐसे अध्यक्ष की जरूरत है जो संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत कर सके और युवा कार्यकर्ताओं को जोड़ सके। नितिन नबीन का राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव इस लिहाज से अहम माना जा रहा है।
बीजेपी की संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया देश के अधिकांश राज्यों में पूरी हो चुकी है। कुल 37 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में से 29 में संगठन के आंतरिक चुनाव संपन्न हो चुके हैं। इन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन के समर्थन में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसके अलावा पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य भी अलग-अलग सेट में नामांकन करेंगे। बीजेपी के संविधान के अनुसार राष्ट्रीय और प्रदेश परिषद के सदस्यों से मिलकर बना इलेक्टोरल कॉलेज राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव करता है।
कार्यकाल और 2029 लोकसभा चुनाव का कनेक्शन
बीजेपी संविधान (BJP Constitution) के तहत कोई भी राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिकतम दो लगातार कार्यकाल, यानी कुल छह वर्ष तक पद पर रह सकता है। यदि नितिन नबीन (Nitin Nabin) जनवरी 2026 में अध्यक्ष बनते हैं, तो उनका कार्यकाल जनवरी 2029 तक रहेगा। यह वही समय होगा, जब देश में लोकसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व एक ऐसे अध्यक्ष को आगे लाना चाहता है जो पूरे चुनावी चक्र के दौरान संगठन को स्थिर और मजबूत रख सके। जरूरत पड़ने पर कार्यकाल बढ़ाए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
BJP अध्यक्ष पद की तस्वीर लगभग साफ
बहरहाल, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए होने वाला चुनाव अब लगभग तय दिशा में बढ़ता दिख रहा है। संगठनात्मक समर्थन, शीर्ष नेतृत्व की सहमति और परंपरागत प्रक्रिया को देखते हुए नितिन नबीन (Nitin Nabin) की दावेदारी सबसे मजबूत नजर आ रही है। 20 जनवरी को होने वाली घोषणा पार्टी के लिए नए नेतृत्व और नई रणनीति की शुरुआत मानी जाएगी, जिसका असर आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में साफ दिख सकता है।