राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) ने आज जनपद गाजियाबाद में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस व 1200 बेड युक्त यशोदा मेडिसिटी (Yashoda Medicity) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित थे।
लखनऊ : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) ने आज जनपद गाजियाबाद में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस व 1200 बेड युक्त यशोदा मेडिसिटी (Yashoda Medicity) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित थे।
राष्ट्रपति ने कहा कि देश आज समग्र विकास की दिशा में तेजी से अग्रसर है। इस विकास में सरकार के साथ-साथ 140 करोड़ देशवासियों का भी योगदान है। नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। इस कार्य के लिए देश में हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर का निरन्तर विस्तार किया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे ऐसे सभी प्रयास स्वस्थ व विकसित भारत के निर्माण की दिशा में उल्लेखनीय योगदान देंगे। इन प्रयासों में सरकार के साथ-साथ सभी हितधारकों की महत्वपूर्ण भूमिका होनी चाहिए।
राष्ट्रपति ने कहा कि हम सभी का प्रयास होना चाहिए कि कोई भी नागरिक अच्छी स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। निजी क्षेत्र के अच्छे संस्थान इस दिशा में अमूल्य योगदान कर सकते हैं। मेडिकल रिस्पॉन्सिबिलिटी (Medical Responsibility) के साथ-साथ सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी स्वास्थ्य संस्थानों की प्राथमिकता होनी चाहिए। राष्ट्रपति जी ने कहा कि उन्हें गुणवत्तायुक्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने वाले चिकित्सा संस्थानों का अवलोकन कर अत्यन्त प्रसन्नता की अनुभूति होती है। कोविड महामारी के दौरान यशोदा हॉस्पिटल द्वारा मरीजों का बेहतर उपचार किया गया।
राष्ट्रपति ने कहा कि टीवी उन्मूलन कार्यक्रम के अन्तर्गत इस अस्पताल द्वारा बड़ी संख्या में मरीजों की देखभाल की जाती है। स्टेप्स के अन्तर्गत यशोदा हॉस्पिटल को उत्तर भारत का पहला केन्द्रीय संस्थान बनाया गया है। यह संस्थान सिकिल सेल एनीमिया के साथ-साथ जनजातीय क्षेत्र में होने वाली बीमारियों पर अनवरत कार्य कर रहा है। इस संस्थान के माध्यम से विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। संस्थान द्वारा समाज व राष्ट्र सेवा के आदर्शों को प्राथमिकता दी जाती है।
राष्ट्रपति ने कहा कि अपनी माता के नाम पर मेडिसिटी की स्थापना से संस्थान के संस्थापकों के स्वदेशी संस्कार की झलक मिलती है। इस संस्थान में कैंसर के उपचार की आधुनिकतम सुविधाएं उपलब्ध होंगी। स्वदेशी की भावना के साथ मेडिकल रिसर्च पर विशेष बल देकर संस्थान द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी स्वास्थ्य सेवाओं हेतु प्रयास किए जाएंगे। यह संस्थान देश के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर पिछड़े क्षेत्रों में कैंसर के सम्बन्ध में अनुसंधान करेगा। कैंसर के लिए जीन थेरेपी जैसे उपायों को उपचार पद्धति में शामिल करेगा। यशोदा मेडिसिटी नवाचारों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी पहचान बनाएगी।
हम ऐसे स्वस्थ व शक्तिशाली भारत की दिशा में अग्रसर हैं, जिसका सपना हमारे पूर्वजों ने देखा : राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defense Minister Rajnath Singh) ने कहा कि हम ऐसे स्वस्थ व शक्तिशाली भारत की दिशा में अग्रसर हैं, जिसका सपना हमारे पूर्वजों ने देखा था। यशोदा समूह इस दिशा में सकारात्मक प्रयास कर रहा है। यह गौरव का विषय है कि यशोदा मेडिसिटी को दक्षिण एशिया में रोबोटिक सर्जरी के केन्द्र के रूप में मान्यता प्राप्त हुई है।
राष्ट्रपति ने 140 करोड़ देशवासियों को शून्य से शिखर तक की यात्रा करने की प्रेरणा दी : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि राष्ट्रपति ने 140 करोड़ देशवासियों को शून्य से शिखर तक की यात्रा करने की प्रेरणा दी है। यह आयोजन एक अस्पताल का उद्घाटन मात्र नहीं है, इसके माध्यम से उत्तर प्रदेश को हेल्थ केयर की वर्ल्ड क्लास फैसिलिटी प्राप्त हुई है। यह हॉस्पिटल डॉक्टर, पैरामेडिकल व नर्सिंग स्टाफ और हेल्थ केयर से जुड़े अन्य कर्मचारियों सहित 05 हजार से अधिक लोगों के रोजगार का एक माध्यम बना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विगत 11 वर्षों में भारत ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सकारात्मक दिशा में कदम बढ़ाए हैं। विगत साढ़े आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 42 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं। गोरखपुर व रायबरेली में एम्स सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। प्रदेश में अनेक सुपर स्पेशियलिटी संस्थान स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से प्रदेश के नागरिकों को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार द्वारा नागरिकों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा के माध्यम से अच्छी से अच्छी सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य हो रहा है। भारत की मनीषा हमेशा इस सम्बन्ध में आग्रही रही है कि ‘शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्’ अर्थात धर्म के साधन व उद्देश्य स्वस्थ शरीर से ही सम्भव हैं। स्वस्थ शरीर के लिए बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं आवश्यक हैं। आज यशोदा मेडिसिटी के रूप में उत्तर प्रदेश तथा एनसीआर के लोगों को उपहार प्राप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में वर्ष 2022 में तृतीय ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के दौरान यशोदा मेडिसिटी के संस्थापकों ने इन्वेस्ट यूपी के साथ एमओयू किया था। उस समय उन्होंने गाजियाबाद में यशोदा मेडिसिटी के नाम से सभी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के निर्माण की इच्छा जतायी थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए देश के नागरिकों को दुनिया के अन्य देशों में जाना पड़ता था, यशोदा मेडिसिटी के माध्यम से अब वह सुविधाएं यहां एक छत के नीचे उपलब्ध होंगी। संस्थान में कैंसर के उपचार की अत्याधुनिक तकनीकें उपलब्ध होंगी। संस्थान के संस्थापक पीएन अरोड़ा और उनकी टीम ने मात्र 03 वर्षों में ही यशोदा मेडिसिटी की स्थापना के कार्य को पूरा करके दिखाया है। इस अवसर पर केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, यशोदा मेडिसिटी के संस्थापक डॉ. पीएन अरोड़ा व संस्थान की प्रबन्ध निदेशक डॉ. उपासना अरोड़ा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।