हरियाणा के हिसार जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) से एक 66 वर्षीय महिला की मौत की खबर सामने आ रही है। राज्य में संक्रमण की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है और अब तक स्वाइन फ्लू के कुल 276 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें से 96 मामले सक्रिय हैं।
हिसार। हरियाणा के हिसार जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) से एक 66 वर्षीय महिला की मौत की खबर सामने आ रही है। राज्य में संक्रमण की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है और अब तक स्वाइन फ्लू के कुल 276 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें से 96 मामले सक्रिय हैं।
निजी अस्पताल में तोड़ा दम
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, मृत महिला नारनौंद क्षेत्र की निवासी थी। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। आपको बता दें कि इस सीजन में हिसार जिले के किसी स्थानीय निवासी की स्वाइन फ्लू से यह पहली मौत है। इससे पहले, इसी सप्ताह सिरसा के रहने वाले एक मरीज की भी हिसार के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
जिलेवार आंकड़े और स्वास्थ्य विभाग का अलर्ट
हिसार जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के कुल 22 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं सिरसा जिले में संक्रमण के तीन मामले मिलने और एक मरीज की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से मुस्तैद है।
हाई अलर्ट जारी
हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने मानसून और बदलते मौसम के कारण बढ़ रहे मामलों को देखते हुए राज्यभर में हाई अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने सभी नागरिक अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHCs) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHCs) को विशेष चेतावनी दी है। सभी अस्पतालों में फ्लू कॉर्नर और आसोलेशन वार्ड को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि संदिग्ध मरीजों की तुरंत जांच और इलाज शुरू किया जा सके।