सदियों से श्रद्धा, साधना और लोक आस्था का केंद्र रहे देवीपाटन धाम की आध्यात्मिक विरासत को सहेजने का एक महत्वपूर्ण प्रयास कॉफी टेबल बुक 'श्री आदि शक्ति माँ पाटेश्वरी शक्तिपीठ: शक्ति और आस्था की अनन्त परम्परा' के रूप में सामने आया है। देवीपाटन धाम में प्रस्तुत यह कृति न केवल माँ पाटेश्वरी धाम की प्राचीन आध्यात्मिक परम्पराओं को शब्दों और छायाचित्रों के माध्यम से संजोती है, बल्कि इस पावन स्थल से जुड़े सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक जीवन की विविध रंगतों को भी जीवंत रूप में सामने लाती है।
बलरामपुर। सदियों से श्रद्धा, साधना और लोक आस्था का केंद्र रहे देवीपाटन धाम की आध्यात्मिक विरासत को सहेजने का एक महत्वपूर्ण प्रयास कॉफी टेबल बुक ‘श्री आदि शक्ति माँ पाटेश्वरी शक्तिपीठ: शक्ति और आस्था की अनन्त परम्परा’ के रूप में सामने आया है। देवीपाटन धाम में प्रस्तुत यह कृति न केवल माँ पाटेश्वरी धाम की प्राचीन आध्यात्मिक परम्पराओं को शब्दों और छायाचित्रों के माध्यम से संजोती है, बल्कि इस पावन स्थल से जुड़े सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक जीवन की विविध रंगतों को भी जीवंत रूप में सामने लाती है।
चैत्र नवरात्र की पावन अष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवीपाटन धाम में इस कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया और इसे देवीपाटन धाम की समृद्ध परम्पराओं को व्यापक समाज तक पहुँचाने की एक महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का विशेष वातावरण देखने को मिला।
पुस्तक में देवीपाटन धाम के ऐतिहासिक महत्व, नाथ संप्रदाय की साधना परम्परा, मंदिर की पूजा-पद्धति तथा यहाँ से जुड़े लोक विश्वासों को सजीव शब्दों और आकर्षक छायाचित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। इसके साथ ही धाम के आसपास विकसित सांस्कृतिक परिवेश और व्यापारिक गतिविधियों की झलक भी इसमें दिखाई देती है, जो इस शक्तिपीठ के व्यापक सामाजिक प्रभाव को रेखांकित करती है।
इस कॉफी टेबल बुक का उद्देश्य देवीपाटन धाम की अनादि आध्यात्मिक परम्पराओं और सांस्कृतिक धरोहर को संजोते हुए उसे व्यापक समाज और आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाना है।
पुस्तक के प्रकाशन में महंत मिथिलेश नाथ योगी का संरक्षण एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। साथ ही मण्डलीय आकांक्षा समिति, देवीपाटन मण्डल, गोण्डा की अध्यक्षा श्रीमती गरिमा भूषण तथा उनकी टीम के मार्गदर्शन और समन्वय में यह कार्य सम्पन्न हुआ। इस प्रयास में नेहा शर्मा, आईएएस, महानिरीक्षक निबंधन/आयुक्त स्टाम्प, उत्तर प्रदेश तथा अंकिता जैन, आईएएस, मुख्य विकास अधिकारी, गोण्डा से प्राप्त प्रेरणा और मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा।
इसके अतिरिक्त शशि भूषण लाल सुशील, आईएएस,, आयुक्त, देवीपाटन मण्डल, विपिन कुमार जैन, आईएएस,, जिलाधिकारी, बलरामपुर तथा हिमांशु गुप्ता, आईएएस, मुख्य विकास अधिकारी, बलरामपुर का सहयोग इस कार्य को पूर्णता तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण रहा।
कॉफी टेबल बुक का संपादन एवं सामग्री लेखन आशीष त्रिपाठी ने किया है। इस कार्य में राकेश यादव एवं अभिषेक सिंह का सहयोग रहा, जबकि पुस्तक में प्रयुक्त छायाचित्रों का संकलन जीतू यादव ने किया है। पुस्तक का डिज़ाइन व लेआउट अभिषेक सिंह एवं सुनील गौतम ने तैयार किया है।