हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा हेतु निकली भव्य कलश यात्रा, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: अड्डा बाजार, ग्राम पंचायत मुडेहरा में हनुमान जी की नवनिर्मित मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर सोमवार को एक भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। सैकड़ों की संख्या में सुहागिन महिलाएं और कुमारी कन्याओं ने सिर पर गंगाजल से भरे कलश रखकर शोभायात्रा में भाग लिया। ढोल–नगाड़ों, गाजे–बाजे और डीजे के बीच गूंजते जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।
शोभायात्रा ग्राम पंचायत मुडेहरा से शुरू होकर सम्पतिहा गांव, चौराहे होते हुए डन्डा नदी स्थित बाबा के स्थान पर पहुंची। वहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से कलश में जल भरकर वापस नवनिर्मित हनुमान मंदिर की ओर प्रस्थान किया, जहां हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा पूजा का शुभारंभ किया गया।
श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था युवा समाजसेवी देशदीपक पांडेय, प्रिंस अग्रहरी, कृष्णा गुप्ता और इदु खान द्वारा की गई थी।
बडिहारी से पधारे कथा व्यास आचार्य गिरजेश शास्त्री और आचार्य विकास पांडेय शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान आरंभ कराया। इस अवसर पर संगीतमयी कथा का प्रारंभ भी किया गया, जो 2 फ़रवरी से 6 फ़रवरी तक प्रतिदिन आयोजित होगी। 6 फ़रवरी की शाम पूर्णाहुति के बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान वंशगोपाल चौरसिया, केदार चौरसिया सहित देशदीपक पांडेय, प्रिंस अग्रहरी, कृष्णा गुप्ता, सूर्य नारायण यादव, अमरनाथ गुप्ता, सुरेश चौहान, सोरख चौरसिया, राजू चौरसिया, पारसनाथ चौरसिया, सुनील यादव, इदु खान, पशुपतिनाथ चौरसिया, रमेश यादव, चैतु समेत मुडेहरा, मुडेहरा बाजार और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट
