1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. सरपंच के घर खड़ी बिना नंबर की स्कॉर्पियो ने उगले 1.29 करोड़ रुपये, गुप्त ठिकानों में छिपी थी नकदी

सरपंच के घर खड़ी बिना नंबर की स्कॉर्पियो ने उगले 1.29 करोड़ रुपये, गुप्त ठिकानों में छिपी थी नकदी

मंदसौर में पुलिस ने सरपंच भवानीशंकर मीणा के घर खड़ी स्कॉर्पियो-N से 1.29 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। बताया जा रहा है कि गाड़ी की बॉडी में बने गुप्त ठिकानों में कैश छिपाकर रखा गया था।

By Kalpna Pandey 
Updated Date

Mandsaur News: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस ने एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो-एन से 1 करोड़ 29 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। यह गाड़ी शामगढ़ थाना क्षेत्र के बरखेड़ा उदा गांव में सरपंच भवानीशंकर मीणा के घर के पीछे बने बाड़े में खड़ी थी। मामले में पुलिस ने सरपंच समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें उत्तर प्रदेश के रहने वाले मोहम्मद इस्लाम और सूर्य प्रकाश भी शामिल हैं।

पढ़ें :- अलीगढ़ में BJP के 3 नेताओं पर महिला से गैंगरैप और मारपीट का आरोप, गिरफ्तारी न होने पर उठे सवाल

पुलिस के मुताबिक, उसे मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरपंच के घर पर उत्तर प्रदेश से दो लोग बिना नंबर की स्कॉर्पियो लेकर पहुंचे हैं। गाड़ी में बड़ी मात्रा में नकदी छिपाए जाने की आशंका भी जताई गई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और गाड़ी को अपने कब्जे में लिया।

कार की बॉडी में बने थे गुप्त ठिकाने

शुरुआती तलाशी में नकदी का पता लगाने के लिए पुलिस ने मैकेनिक की मदद ली। इसके बाद गाड़ी की बॉडी के कुछ हिस्सों को खुलवाकर जांच की गई। पुलिस के अनुसार, कार के भीतर विशेष तरीके से बनाए गए गुप्त स्थानों में नकदी छिपाकर रखी गई थी। तलाशी के दौरान कुल 1 करोड़ 29 लाख रुपये बरामद हुए। पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो-एन को भी जब्त किया है।

 

नकदी कहां से आई, पुलिस कर रही जांच

पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए तीनों लोग नकदी के स्रोत और उसके इस्तेमाल को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में आयकर विभाग को भी सूचना देने की बात कही गई है, ताकि नकदी से जुड़े वित्तीय पहलुओं की जांच हो सके।

मध्य प्रदेश में सरपंच को मिलने वाला मासिक मानदेय 4,250 रुपये बताए जाने के बीच इतनी बड़ी रकम की बरामदगी ने सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, नकदी और सरपंच के बीच संबंधों की पूरी तस्वीर जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

पढ़ें :- सर्विस के नाम पर साइबर ठगी, वाराणसी में एयर प्यूरीफायर रिपेयर के बहाने 90 हजार उड़ाए
इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...