नेपाल कस्टम में भारतीय एजेंटों की समस्याओं पर फूटा आक्रोश, सोनौली में कलमबंद हड़ताल; विदेश मंत्री से हस्तक्षेप की मांग
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नेपाल के भैरहवा (बेलहिया) कस्टम कार्यालय में कार्यरत भारतीय क्लियरिंग एजेंटों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर रविवार को सोनौली कस्टम कार्यालय के सामने सैकड़ों ट्रांसपोर्ट एवं क्लियरिंग एजेंटों ने कलमबंद हड़ताल कर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद सोनौली ट्रांसपोर्ट एंड क्लियरिंग एजेंट एसोसिएशन ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को ई-मेल के माध्यम से ज्ञापन भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष रतन गुप्ता ने ज्ञापन में कहा कि नेपाल कस्टम में कार्यरत भारतीय कर्मचारियों को प्रशासनिक एवं कार्य संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे भारत-नेपाल के द्विपक्षीय व्यापार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने विदेश मंत्रालय से नेपाल सरकार एवं काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के माध्यम से इस समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी महराजगंज तथा आयुक्त, सीमा शुल्क (कस्टम) सोनौली को भी भेजी गई है।
वहीं, नेपाल भन्सार एजेंट संघ, भैरहवा के अध्यक्ष मधु पंथी ने बताया कि नेपाल एजेंट महासंघ के निर्देशों का पालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महासंघ द्वारा जारी आदेश के अनुरूप ही वर्तमान व्यवस्था लागू की गई है और सभी सदस्य उसका अनुपालन कर रहे हैं।
हड़ताल में मुख्य रूप से रतन गुप्ता, संजय अग्रवाल, बिट्टू झा, मनोज जायसवाल, सुरेंद्र शर्मा, वीरेंद्र गुप्ता, विशाल जायसवाल, मंगल जायसवाल, राजा वर्मा, केशव श्रीवास्तव, बबलू श्रीवास्तव, विनोद कुमार, प्यारे लाल यादव, बिष्णु पांडेय,सहित बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट एवं क्लियरिंग एजेंट मौजूद रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट
