मिठास और अदब से भरा व्यवहार लखनऊ के लोगों की सबसे बड़ी पहचान उनकी विनम्रता और कोमल हृदय है। यहां के लोग बातचीत में बेहद सलीका और इख़लाक़ बनाए रखते हैं। 'जनाब', 'अदाब' और 'पहले आप' जैसे शब्द यहां की रोज़मर्रा की बोलचाल का हिस्सा हैं। लखनऊ की संस्कृति में अपशब्दों और अभद्र भाषा के लिए कोई जगह नहीं है। आज भी यहां नवाबों के दौर की नज़ाकत और गरिमा साफ़ झलकती है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि एक ख़ास जीवनशैली का नाम है। नवाबों के इस शहर को पूरी दुनिया में अपनी अनोखी ‘तहज़ीब’ लज़ीज़ खाने और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है।
मिठास और अदब से भरा व्यवहार लखनऊ के लोगों की सबसे बड़ी पहचान उनकी विनम्रता और कोमल हृदय है। यहां के लोग बातचीत में बेहद सलीका और इख़लाक़ बनाए रखते हैं। ‘जनाब’, ‘अदाब’ और ‘पहले आप’ जैसे शब्द यहां की रोज़मर्रा की बोलचाल का हिस्सा हैं। लखनऊ की संस्कृति में अपशब्दों और अभद्र भाषा के लिए कोई जगह नहीं है। आज भी यहां नवाबों के दौर की नज़ाकत और गरिमा साफ़ झलकती है।
ज़बान और मज़हब का ख़ूबसूरत इत्तिहाद
यहां की बोलचाल में उर्दू की मिठास और हिंदी की सरलता का अनोखा मेल दिखता है। इसके साथ ही अवधी, भोजपुरी और ब्रज जैसी बोलियां भी यहां के जनजीवन में घुली-मिली हैं। धार्मिक दृष्टिकोण से देखें तो लखनऊ सांप्रदायिक सौहार्द की एक मिसाल है। यहां हिंदू और मुस्लिम आबादी प्रमुख रूप से निवास करती है, साथ ही ईसाई समुदाय के लोग भी यहां प्रेमपूर्वक रहते हैं। सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होते हैं।
शाही और लज़ीज़ व्यंजन
लखनऊ अपने पारंपरिक खान-पान के लिए दुनिया भर में मशहूर है। यहां के व्यंजनों में आज भी शाही नवाबी छाप दिखाई देती है। लखनऊ का ज़िक्र कबाब के बिना अधूरा है। यहां मिलने वाले गलावती कबाब, शमी कबाब, सीख कबाब और बोटी कबाब स्वाद के शौकीनों का दिल जीत लेते हैं। साल 2025 मे UNESCO (यूनेस्को) ने लखनऊ को “क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी” (Creative City of Gastronomy) पाक कला और लज़ीज़ व्यंजनों का रचनात्मक शहर के रूप में घोषित किया है।
गंगा-जमुनी तहजीब
लखनऊ एक ऐसा स्थान है जहां हर त्यौहार की अपनी अलग चमक होती है। दिवाली, ईद, होली, क्रिसमस और प्रसिद्ध ‘लखनऊ महोत्सव’ यहां बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाए जाते हैं। कला और संगीत के मामले में भी लखनऊ बहुत समृद्ध है। यह शहर अपने शास्त्रीय संगीत और प्रसिद्ध कथक नृत्य के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। गजल,कव्वाली और शायरी के शौकीनों के लिए लखनऊ की सरज़मीन बेहद ख़ास है इसके अलावा, हाथ से की जाने वाली लखनवी चिकनकारी (कढ़ाई) का काम यहां के कारीगरों की अद्भुत कलात्मक प्रतिभा का प्रतीक है। चिकनकारी की साड़ियाँ और कपड़े आज पूरी दुनिया में पसंद किए जाते हैं।
रिपोर्ट – दीपाजंली मिश्रा