रविवार देर रात लखीमपुर-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा सड़क दुर्घटना देखने को मिला। इस घटना में एक वैगनआर कार ओयल कस्बा के बेहजम तिराहे के समीप स्थित फौजी धर्मकांटा के पास से गुजर रही शारदा सहायक नहर की माइनर में अनियंत्रित होकर जा गिरी। इस हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जो इस कार में सवार थे।
लखीमपुर। रविवार देर रात लखीमपुर-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा सड़क दुर्घटना देखने को मिला। इस घटना में एक वैगनआर कार ओयल कस्बा के बेहजम तिराहे के समीप स्थित फौजी धर्मकांटा के पास से गुजर रही शारदा सहायक नहर की माइनर में अनियंत्रित होकर जा गिरी। इस हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जो इस कार में सवार थे। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब दो बजे लखनऊ की ओर से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बनी छोटी नहर में जा घुसी। कार के नहर में गिरते ही तेज आवाज हुई। इस आवाज को सुनकर स्थानीय लोग मौके पर तेजी से पहुंचें। इत्तफ़ाक से उसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। कार में सवार लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। हांलाकि चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। इस हादसे में घायलों की पहचान शांतिनगर गढ़ी रोड निवासी 52 वर्षीय आशुतोष नंदन दीक्षित उर्फ रिंकू पुत्र रविशंकर, उनकी पत्नी रेनू, 15 वर्षीय पुत्र शिवांश, अधिवक्ता रामप्रकाश तिवारी और उनकी पत्नी सरिता के रूप में हुई है।
जानकारी में पता चला है कि ये सभी लोग अयोध्या दर्शन के लिए गए थे और वापस लखीमपुर लौट रहे थे। दुर्घटनाग्रस्त कार को आशुतोष नंदन दीक्षित चला रहे थे। इस मामले में प्रारंभिक तौर पर चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे के सही कारणों की जांच अभी चल रही है। इस हादसे के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लेकिन, तुरंत ही दुर्घटनाग्रस्त कार को नहर से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है और इस मामले की जांच की जा रही है। इसके अलावा स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य में सहयोग करने वाले ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि इनलोगों की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा होने से बच गया।