1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सोनौली के भीषण जाम पर एक्शन की तैयारी,बैजू यादव की पहल पर व्यापारियों की पुलिस संग अहम बैठक, कई बड़े फैसले

सोनौली के भीषण जाम पर एक्शन की तैयारी,बैजू यादव की पहल पर व्यापारियों की पुलिस संग अहम बैठक, कई बड़े फैसले

रामजानकी चौक पर अतिरिक्त पुलिस बल, ई-रिक्शा-ऑटो पर सख्ती और ट्रकों की नई व्यवस्था लागू करने पर बनी सहमति

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत-नेपाल सीमा से जुड़े अंतरराष्ट्रीय कस्बा सोनौली में लगातार विकराल होती जाम और अतिक्रमण की समस्या के समाधान की दिशा में सोमवार देर शाम बड़ी पहल हुई।

पढ़ें :- एसीएस चिकित्सा शिक्षा ने कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान का किया निरीक्षण, पीईटी-सीटी, साइबरनाइफ और टोमोथेरेपी सुविधाओं के प्रगति की समीक्षा 

नगर के पूर्व सपा चेयरमैन प्रत्याशी एवं वरिष्ठ समाजसेवी बैजू यादव की सक्रिय पहल पर व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल पुलिस प्रशासन से मिला और जाम की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनसे नगरवासियों और व्यापारियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय कुमार सिंह (बबलू सिंह) की अध्यक्षता में बैजू यादव के नेतृत्व में सम्मानित व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल सीमा चौकी सोनौली पहुंचा। यहां एसएसआई आर.सी. राय एवं चौकी प्रभारी उमाकांत सरोज के साथ हुई बैठक में नगर में कई दिनों से लग रहे भीषण जाम का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जाम के कारण व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों, मरीजों और भारत-नेपाल सीमा से आने-जाने वाले हजारों पर्यटकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बैठक में बैजू यादव ने कहा कि सोनौली की पहचान एक अंतरराष्ट्रीय सीमा नगर के रूप में है, लेकिन अव्यवस्थित यातायात और अतिक्रमण के कारण नगर की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से जाम की समस्या का स्थायी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि व्यापार, पर्यटन और आम जनजीवन सुचारु रूप से संचालित हो सके।

पढ़ें :- सीएम योगी का बड़ा ऐलान, बोले- यूपी में जल्द लागू करेंगे आउटसोर्स कमीशन, न्यूनतम मानदेय होगा सुनिश्चित

व्यापारियों ने प्रशासन को बताया कि रामजानकी चौक, मुख्य बाजार और सीमा क्षेत्र में अव्यवस्थित ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालन, सड़क किनारे अतिक्रमण और भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही जाम की सबसे बड़ी वजह है।

बैठक के बाद पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से कई कदम उठाए जाएंगे। इसके तहत रामजानकी चौक पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ई-रिक्शा और ऑटो केवल निर्धारित टेंपो स्टैंड से ही सवारी उठाएंगे, जबकि कच्चे माल से लदे ट्रकों को स्टेट बैंक के पास निर्धारित लाइन में खड़ा कर नगर में प्रवेश कराया जाएगा। इसके अलावा अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान भी चलाया जाएगा।

बैजू यादव ने पुलिस प्रशासन के सकारात्मक रुख का स्वागत करते हुए कहा कि यदि प्रशासन और व्यापारी मिलकर काम करें तो सोनौली को जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाई जा सकती है।

बैठक में अमित गुप्ता, प्रवीण मद्धेशिया, राजू पटवा, श्रीनिवास जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने उम्मीद जताई कि बैठक में लिए गए फैसलों का जल्द क्रियान्वयन होगा और सोनौली नगर को भीषण जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट

पढ़ें :- जॉब नहीं मिलेगा, तो सिंहासन हिलेगा...‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रयागराज पहुंचने से पहले बोले राहुल गांधी

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...